भीषण गर्मी में भी खुले थे स्‍कूल, बच्चे व शिक्षक सहित 95 की तबीयत बिगड़ी, कराना पड़ा भर्ती

बच्‍चों की बिगड़ी तबियत
बच्‍चों की बिगड़ी तबियत।

आरयू वेब टीम। भीषण गर्मी के चलते कई राज्यों में स्कूलों में छुट्टियां हैं, लेकिन बिहार में स्कूल खुले हुए हैं। बिहार के बेगूसराय, मुंगेर, शेखपुरा, जमुई, लखीसराय, गोपालगंज और बांका सरकारी स्कूलों में भीषण गर्मी के कारण छात्र, छात्राएं, शिक्षक, प्रधानाध्यापिका और रसोइया समेत 95 लोग बेहोश हो गए। इन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। सबसे अधिक बेगूसराय में 41 और जमुई में बच्चे और शिक्षक बीमार पड़ें हैं। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश है।

बेगूसराय में बढ़ते गर्मी के बीच अलग-अलग स्कूलों में पढ़ रहे 41 से अधिक बच्चे बेहोश हो गए। बेहोशी के हालात में छात्र और छात्राओं को उसे जगह से उठाकर इलाज के लिए पीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां सभी का इलाज किया गया। शेखपुरा के एक स्कूल में लू के कारण कई छात्र बेहोश हो गए। सभी छात्रों के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

बताया जा रहा है कि मनकौल गांव के हाई स्कूल में एक के बाद एक 13 से अधिक बच्चे बेहोश होने लगे। आनन-फानन में उन्हें शिक्षकों ने स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल में भर्ती करवाया। वहीं मुंगेर के धरहरा प्रखंड के तीन स्कूलों पांच छात्र बेहोश हो गए। इतना ही नहीं उच्च विद्यालय हेमराजपुर में परीक्षा के दौरान एक शिक्षक भी बेहोश हो गए।

आनन-फानन में स्कूल प्रशासन की ओर से छात्राओं को अस्पताल ले जाया गया जहां कुछ छात्राओं को भर्ती किया गया है और कुछ को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें देखा जा सकता है कि क्लासरूम में छात्रा की तबियत बिगड़ने के बाद उसे बेंच पर लिटाकर टीचर उसे हवा कर रही हैं।

यह भी पढ़ें- भीषण गर्मी के बीच LG का निर्देश, दोपहर 12 से तीन काम नहीं करेंगे मजदूर, मिलेगी पूरी सैलरी

इस बारे में जानकारी देते हुए बेगूसराय के जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा का कहना है, सूचना मिली थी कि एक स्कूल में गर्मी और तापमान बढ़ने के कारण विद्यार्थियों की तबीयत बिगड़ गई है। इन्हें इलाज के लिए अस्पताल लाया गया है।फिलहाल सभी की हालत ठीक है और चिंता की कोई बात नहीं है।

डीएम ने कहा कि बढ़ती गर्मी के कारण होने वाली घटनाओं पर नजर रखने के लिए शिक्षा अधिकारियों को आदेश दिए गए हैं। साथ ही स्कूलों में तुरंत इलाज के लिए बुनियादी चीजें जैसे ओआरएस आदि उपलब्ध कराने के भी आदेश दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें- यूपी-दिल्ली समेत कई राज्यों में पांच दिनों तक गर्मी से राहत नहीं, IMD का रेड अलर्ट जारी

दूसरी तरफ मौसम वैज्ञानिक वैज्ञानिक आशीष कुमार कहते हैं, आज और कल गया, बक्सर, नवादा, रोहतास और औरंगाबाद समेत दक्षिण बिहार में भीषण गर्मी की स्थिति बने रहने का अनुमान है। इन जिलों में ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया गया है। शुक्रवार से कुछ राहत मिलेगी। तापमान थोड़ा कम होगा लेकिन आर्द्रता अधिक रहेगी।