अमेरिकी अरबपति जॉर्ज सोरोस ने मोदी पर साधा निशाना, लगाए लाखों मुसलमानों की नागरिकता छीनने की धमकी समेत गंभीर आरोप

जॉर्ज सोरोस
अरबपति जॉर्ज सोरोस। (फाइल फोटो)

आरयू इंटरनेशनल डेस्‍क। दावोस में चल रहे वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम को संबोधित करते हुए अमेरिकी अरबपति जॉर्ज सोरोस ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। सोरोस ने कहा कि भारत राष्ट्रवाद के उदय का सबसे बड़ा उदाहरण बन गया है, जो आज के समाज का एक बड़ा शत्रु है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भारत के प्रधानमंत्री मोदी देश को एक हिंदू राष्ट्र बनाना चाहते हैं। उनका यह बयान ऐसे समय में आया है, जब मोदी सरकार विवादास्पद नागरिकता संशोधन अधिनियम को लेकर देश के कई हिस्सों में विरोध झेल रही है।

‘द वीक’ की रिपोर्ट के मुताबिक सोरोस ने यह भी कहा कि मोदी ने ‘एक मुस्लिम बहुल अर्ध-स्वायत्त कश्मीर पर दंडात्मक उपाय किए, और लाखों मुसलमानों को उनकी नागरिकता से वंचित करने की धमकी दे रहे हैं।’ सोरोस ने कहा, ‘भारत में सबसे बड़ा और भयावह झटका लगा, जहां लोकतांत्रिक ढंग से निर्वाचित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक हिंदू राष्ट्रवादी राज्य बना रहे हैं।

डोनाल्‍ड ट्रंप और शी जिनपिंग को बताया तानाशाह

इसके साथ ही सोरोस ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीन के राष्‍ट्र‍पति पर भी निशाना साधा। सोरोस ने कहा कि सिविल सोसाइटी में लगातार गिरावट आ रही है। मानवता कम होती जा रही है। आने वाले सालों में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के भाग्य से ही दुनिया की दिशा तय होगी।

इस समय व्लादिमीर पुतिन, ट्रंप और शी जिनपिंग जैसे तानाशाह शासको का इजाफा हो रहा है। इस वक्त हम इतिहास के बदलाव के दौर से गुजर रहे हैं। खुले समाज की अवधारणा खतरे में है। इससे बड़ी एक और चुनौती है-जलवायु परिवर्तन।

…असहिष्णु भारत

वहीं, मशहूर मैगजीन ‘द इकोनॉमिस्ट’ ने अपने नए कवर पेज के साथ नागरिकता संशोधन कानून और राष्ट्रीय नागरिक पंजी को लेकर भारत में हो रहे विरोध प्रदर्शनों पर मोदी सरकार पर हमला बोला है। कवर पेज पर कंटीली तारों के बीच भारतीय जनता पार्टी का चुनाव चिन्ह ‘कमल का फूल’ नजर आ रहा है। इसके ऊपर लिखा है, ‘असहिष्णु भारत। कैसे मोदी दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र को जोखिम में डाल रहे हैं।’ ‘द इकोनॉमिस्ट’ ने गुरुवार को कवर पेज ट्वीट करते हुए लिखा, ‘कैसे भारत के प्रधानमंत्री और उनकी पार्टी दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र को खतरे में डाल रहे हैं।’

हिंदू राष्‍ट्र बनाने में जुटे पीएम मोदी

आर्टिकल के टाइटल में पीएम मोदी पर दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में विभाजन का आरोप लगाया है। उसमें लिखा है कि भारत के 20 करोड़ मुसलमान डरे हुए हैं क्योंकि प्रधानमंत्री हिंदू राष्ट्र के निर्माण में जुटे हैं। 80 के दशक में राम मंदिर के लिए आंदोलन के साथ बीजेपी की शुरूआत पर चर्चा करते हुए लेख में तर्क दिया गया है कि संभावित तौर पर नरेंद्र मोदी और बीजेपी को धर्म और राष्ट्रीय पहचान के आधार पर कथित विभाजन से फायदा पहुंचा है।

130 करोड़ भारतीय होंगे प्रभावित

वहीं एनआरसी के मुद्दे पर लेख में लिखा है कि अवैध शरणार्थियों की पहचान करते हुए असल भारतीयों के लिए रजिस्टर तैयार करने की प्रक्रिया से 130 करोड़ भारतीय भी प्रभावित होंगे। ये कई साल तक चलेगा। लिस्ट तैयार होने के बाद इसको चुनौती और फिर से दुरुस्त करने का भी सिलसिला चलेगा। मैगजीन ने लिखा है कि इस तरह के मुद्दों को आगे कर अन्य मुद्दों जैसे- अर्थव्यवस्था आदि पर जनता को भटकाया जा रहा है। भाजपा की जीत के बाद से ही भारत की अर्थव्यवस्था चुनौतियों से जूझ रही है।

यह भी पढ़ें- नोबेल पुरस्कार के लिए नामित अभिजीत बनर्जी ने कहा, डगमगाती स्थिति में है भारतीय अर्थव्यवस्था