आरयू ब्यूरो, लखनऊ। भाजपा की डबल इंजन सरकार ने जो कहा, उसे पूरा किया। भाजपा सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबके प्रयास से प्रदेश की जनता का विकास कर रही है। 25 करोड़ जनता ने देखा कि 2017 से पहले व्यापारी और संभ्रांत नागरिक पलायन करते थे, इससे प्रदेश की प्रगति अवरुद्ध हो गयी थी। 2017 के बाद अपराधी पलायन कर रहे हैं और प्रदेश आज प्रगति के नये-नये प्रतिमान स्थापित कर देश की अग्रणी अर्थव्यवस्था की ओर अग्रसर है। हमने सबका विकास किया है, किसी का तुष्टिकरण नहीं किया है।
उक्त बातें शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीजेपी के प्रदेश मुख्यालय पर भाजपा के चुनावी रथों को झंडी दिखाकर रवाना करने के बाद कही। इस मौके पर सीएम ने कहा कि हम एक बार फिर जनता जनार्दन का आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए प्रचार में निकल रहे हैं तो इंद्रदेव भी वर्षा के रूप में अपना आशीर्वाद दे रहे हैं।
यह भी पढ़ें- मुख्यमंत्री योगी ने नया नारा व गीत लॉन्च कर कहा, हमारी वरीयता प्रदेश में हो कानून का राज
कोई गुंडा नहीं कर सकता गुंडई-वसूली
इससे पूर्व बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार में किसी दुकान या दुकानदार से कोई गुंडा न गुंडई कर सकता है और न वसूली कर सकता है। भाजपा सरकार ने गुंडागर्दी समाप्त करने का काम किया है। भ्रष्ट, बेईमान, गुंडा व अपराधियों की संपत्ति पर योगी सरकार का बुलडोजर चलता रहेगा। आज हम जनता के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व को लेकर हम जनसमर्थन प्राप्त करने जा रहे हैं। भाजपा ने जो कहा है वो किया है। एक बार फिर हम जनता के आशीर्वाद से 300 प्लस सीटें जीतेगें और गांव, गरीब, किसान, नौजवान, महिलाओं, वंचितों के कल्याण के लिए काम करते रहेंगे।
…जो भाजपा की सरकार ही दे सकती
वहीं उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि दस मार्च के बाद भी प्रदेश से दंगाइयों, माफियाओं, गुंडों, भ्रष्टाचारियों का पलायन जारी रहेगा, क्योंकि उत्तर प्रदेश को तरक्की पसंद है, जो भाजपा की सरकार ही दे सकती है। कहा कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार में प्रगति हुई है तो किसानों की प्रगति हुई है, नौजवानों, महिलाओं की, गरीबों की, वंचितों की प्रगति हुई है। इस दौरान प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला तथा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित समेत भाजपा के तमाम नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहें।
वहीं आज सीएम योगी के साथ ही स्वतंत्र देव सिंह, केशव मौर्या व अनुराग ठाकुर ने भी प्रचार रथों को भाजपा की झंडी दिखाकर रवाना किया। एलईडी लगी यह वैन (रथ) उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा में जाकर भाजपा सरकार की नीतियों का प्रचार-प्रसार करेंगी।




















