भाजपा का पलटवार, मायावती ने दलितों के मसीहा कांशीराम के साथ क्‍या किया ये जानता है पूरा देश

दलितों के मसीहा
प्रदेश मुख्यालय में मीडिया के सामने मायावती पर निशाना साधते महेंद्र पाण्डेय।

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ। बसपा सुप्रीमो मायावती के रविवार के हमले के बाद भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा के मुख्‍यालय पर आज पत्रकारों से बात करते हुए प्रदेश अध्‍यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पाण्‍डेय ने मायावती को दलितों और आदिवासियों का सौदागर बताया है। वहीं कहा कि मायावती को यूपी की जनता के प्रति कितनी वेदना है, इसका पता इस बात से ही चलता है कि आज वो करीब तीन महीने बाद प्रकट हुई हैं।

प्रदेश अध्‍यक्ष ने मायावती पर तंज कसने के साथ ही भाजपा को दलितों की सच्‍ची हितैषी पार्टी बताते हुए कहा कि मायावती सिर्फ राजनैतिक पर्यटन के उद्देश्य के लिए लखनऊ आती हैं और बयान देकर चली जाती है।

यह भी पढ़ें- रावण के बुआ कहने पर बोलीं मायावती मेरा कोई रिश्‍ता नहीं, BJP पर भी बोला हमला, गठबंधन के लिए रखी ये शर्त

बसपा सुप्रीमो पर संगीन आरोप लगाते हुए प्रदेश अध्‍यक्ष ने आगे कहा कि मायावती ने बसपा संस्थापक और दलितों के मसीहा कांशीराम के साथ क्या किया ये प्रदेश समेत पूरा देश जानता है। आज भी कांशीराम का परिवार मायावती के खिलाफ अपने सम्मान की लड़ाई लड़ रहा है।

दलितों-आदिवासियों के विकास की बात कोरी कल्पना

महेंद्र पाण्‍डेय इतने पर ही नहीं रुके उन्‍होंने आगे कहा कि बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष जिनकी राजनीति अपना विकास और कुनबे के लूटतंत्र तक सीमित है उनके मुंह से दलितों-आदिवासियों के विकास की बात कोरी कल्पना के सिवा कुछ नहीं है। जिस कांग्रेस के राज में दलितों, आदिवासियों का उत्पीड़न हुआ, भ्रष्टाचार चरम पर पहुंचा उसके साथ खड़ी होकर मायावती सत्ता का सुख उठाती रही।

यह भी पढ़ें- बच्चों व महिलाओं के कल्याण के लिए लगातार प्रयास कर रही योगी सरकार: दिनेश शर्मा

समझ चुका है गरीब, दलित व पिछड़ा समाज

वहीं जिस सपा के राज में प्रदेश में दलितों के साथ अत्याचार और ज्यादती की इंतहा हो गई, मायावती आज उसके साथ हाथ मिला रही, लेकिन आज का गरीब, दलित, पिछड़ा समाज यह समझ चुका है कि किस तरह उनका वोट लेकर मायावती अपनी तिजोरी भरती रहीं और उनको धोखा दिया। यही कारण है कि समाज का हर वर्ग मोदी-योगी सरकार की नीतियों से प्रभावित और लाभान्वित होकर भाजपा के साथ खड़ा है।

बनाया तीन बार यूपी का मुख्‍यमंत्री

इस दौरान महेंद्र पाण्‍डेय ने भाजपा-बसपा के पुराने संबंधों पर भी बात करते हुए मायावती को निशाने पर लिया। उन्‍होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा संबंधों को प्राथमिकता देती है, लेकिन मायावती ने हमेशा संबंधों की मर्यादा को तोड़ा है। जिस समय गुण्डें उनको बेइज्जत करके मारने का प्रयास कर रहे थे, तब भाजपा के कार्यकर्ताओं ने ही उनकी रक्षा की थी। उनको यूपी जैसे विशाल प्रदेश का तीन बार मुख्यमंत्री भी संबंधों को निभाते हुए बनाया था, लेकिन उन्होंने संबंधों को कभी नहीं निभाया।

यह भी पढ़ें- भाजपा का अखिलेश से बड़ा सवाल, पिता और चाचा से हो गया खतरा तो विपक्षी दलों से कैसे कर पाएंगे गठबंधन