बेटे के साथ मंच पर आए मुलायम, कहा भाजपा को हरा सकती है सिर्फ सपा

जनसभा को संबोधित करते मुलायम सिंह यादव साथ में अखिलेश व रामगोपाल।

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ/फिरोजाबाद। भाजपा की गलत नीतियों के चलते नौजवान, किसान, गरीब सभी परेशान हैं। वीर सैनिकों को भी पर्याप्त सम्मान नहीं मिला। भाजपा के लोग अब हिन्दू-मुस्लिम, मंदिर-मस्जिद के मुद्दे उछालकर अपनी नाकामियों से जनता का ध्यान हटा रहे हैं।

ये बातें शुक्रवार को फिरोजाबाद के नगला छवैया के करघा गांव में कारगिल शहीद बृजलाल की प्रतिमा का अनावरण करने के बाद आयोजित जनसभा में सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने कही। हमला जारी रखते हुए मुलायम सिंह बोले कि अगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराना बहुत जरूरी है। भाजपा को समाजवादी पार्टी ही हरा सकती है। हमें एकजुट होकर हर हालत में इसे हटाना होगा।

यह भी पढ़ें- राम मंदिर मामले में अखिलेश ने कहा, भाजपा को संविधान और सुप्रीम कोर्ट पर नहीं है भरोसा

मुलायम सिंह यादव ने कहा कि जनता जानती है कि किसानों, बेरोजगारों, महिलाओं और नौजवानों को सपा से बहुत उम्मीदें हैं। सपा ने हमेशा इन वर्गों की मदद की और उनकी समस्याओं को हल किया है।

भाजपा की गलत नीतियों से सभी वर्ग दुखी-परेशान: अखिलेश

इस दौरान पिता के साथ मंच पर मौजूद सपा अध्‍यक्ष अखिलेश यादव ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की गलत नीतियों से आज देश में जवान-किसान समेत सभी वर्ग दुखी और परेशान हैं। मोदी सरकार को निशाने पर लेते हुए सपा अध्‍यक्ष ने कहा कि भारत माता की रक्षा के लिए ना जाने कितने वीरों ने अपनी शहादत दी, लेकिन भाजपा सरकार ने सेना को सम्मान देने के बजाय अपनी राजनीति से अपमानित करने का काम किया है।

देश को मंदिर-मस्जिद और हिंदू-मुस्लिम की बहस में रहे उलझा

मोदी सरकार पर हमला जारी रखते हुए अखिलेश बोले कि पिछले साढ़े चार साल में केंद्र की भाजपा सरकार में सेना के 350 जवान शहीद हुए हैं। प्रधानमंत्री बनने से पहले मोदी जी ने कहा था कि उनकी सरकार बनेगी तो एक जवान के सिर के बदले 10 सिर लेकर आएंगे, लेकिन केंद्र में सरकार बनने के बाद उनके वादों का क्या हुआ? उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग अब जवानों की शहादत पर चर्चा करने के बजाय देश को मंदिर-मस्जिद और हिंदू-मुस्लिम के बहस में उलझा रहे हैं।

हीरा व्यवसाईयों के लिए बुलेट ट्रेन तो जवानों के लिए बुलेटप्रूफ जैकेट क्यों नहीं

अखिलेश यादव ने सवाल उठाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी अहमदाबाद के हीरा व्यवसाईयों के लिए बुलेट ट्रेन ला रहे हैं, लेकिन वह कठिन परिस्थितियों में देश की रक्षा कर रहे हमारे जवानों के लिए बुलेटप्रूफ जैकेट क्यों नहीं देते। मोदी सरकार ने नोटबंदी करके सारा पैसा बैंकों में जमा कर लिया, उसके बाद भी जवानों को वन रैंक वन पेंशन क्यों नहीं दिया जा रहा है।

नेताजी ने लिया था फैसला शहीद होने के बाद जवानों का शव उनके घर आएगा

सपा अध्‍यक्ष ने कहा कि समाजवादियों को जब भी मौका मिला, उन्होंने फौज और फौजियों को सम्मान देने का काम किया है। नेताजी (मुलायम सिंह यादव) जब रक्षा मंत्री थे तो उन्होंने फैसला लिया था कि शहीद होने के बाद जवानों का शव उनके घर आएगा। उसके पहले केवल बेल्ट और कैप आती थी। इसी तरह से नेताजी जब मुख्यमंत्री थे तो जवानों के शहीद होने पर प्रदेश सरकार की तरफ से पांच लाख रुपए की मदद देना शुरू किया था, और जब फिर सरकार बनी तो हमने सेना, पैरामिलिट्री और पुलिस के जवानों को शहीद होने पर 20 लाख देकर उनके परिवार की मदद करने का काम किया।

एक भी वादा नहीं हुआ पूरा 

अखिलेश यादव ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने वादा किया था कि सभी के खाते में 15-15 लाख रुपए आएंगे और दो करोड़ नौकरियां दी जाएगी। उनका एक भी वादा पूरा नहीं हुआ। भाजपा सरकार में किसानों की आय तो दोगुना नहीं हुई, लेकिन डीएपी लेकर अन्य खादें महंगी हो गई। किसानों का लागत मूल्य लगातार बढ़ रहा है। किसानों की आमदनी घट रही है। यही वजह है कि देश में 40 हजार किसान आत्महत्या कर चुका है।

बहुत शातिर है बीजेपी

भाजपा पर आज मंच से एक बार फिर अखिलेश ने बहकाने का आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी बहुत शातिर है, लोगों को बहका देती है। अभी उसकी बहुत टीमें एबीसीडी मैदान में आएंगी। आने वाला लोकसभा चुनाव देश और समाज को बचाने वाला चुनाव है। भाजपा लोगों को बांट कर समाज को तोड़ने का काम कर रही है। इनसे सावधान रहना है।

जनसभा में सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव, पूर्व सांसद रामजी लाल सुमन, उदय प्रताप सिंह, सपा के प्रदेश अध्यक्ष  नरेश उत्तम पटेल, बदायूं से सांसद धर्मेंद्र यादव समेत कई विधायक व अन्‍य वरिष्‍ठ नेता मौजूद रहें।