भाजपा में शामिल होकर बोले सपा विधायक सुभाष पासी, पार्टी में नहीं मिल रहा था सम्‍मान  

सपा विधायक सुभाष पासी
स्वतंत्र देव के साथ सुभाष पासी।

आरयू ब्यूरो,लखनऊ। यूपी विधानसभा चुनाव 2022 से पहले नेताओं का पार्टी बदलने का सिलसिला जारी है। बीते दिनों बसपा के छह और भाजपा के एक विधायक ने समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया था। वहीं, अब समाजवादी पार्टी के विधायक मंगलवार को भाजपाई हो गए है।

दरअसल आज सपा से निष्कासित विधायक सुभाष पासी ने भाजपा की सदस्यता ली है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। भाजपा मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा की सदस्यता लेने के बाद सुभाष पासी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से प्रभावित होकर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए हैं। समाजवादी पार्टी में मुझे वह सम्मान नहीं मिला जो मिलना चाहिए था। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में इस बार फिर भाजपा की सरकार बनेगी। मेरे आने से गाजीपुर के आसपास की सात से आठ सीटों पर भाजपा को जीत मिलेगी।

यह भी पढ़ें- भाजपा में शामिल हुए कांग्रेस, सपा व बसपा के कई नेता

सूत्रों की माने तो भाजपा चुनाव से पहले सपा और बसपा के कई नेताओं को पार्टी में शामिल कराने की कोशिश में जुटी हुई है। ऐसे में ये देखना दिलचस्प होगा कि कौन किस पार्टी का दाम थामता है और कौन पार्टी को छोड़ता है।

बता दें कि, मंगलवार को भाजपा की सदस्यता लेने वाले सुभाष पासी को पार्टी विरोधी गतिविधियों का हवाला देते हुए सपा ने निष्कासित कर दिया था। सुभाष पासी गाजीपुर जिले की सैदपुर विधानसभा सीट से सपा के विधायक थे।

यह भी पढ़ें- भाजपा प्रत्‍याशी नितिन अग्रवाल बने UP विधानसभा उपाध्यक्ष