भाजपा सरकार में भ्रष्‍टाचार चरम पर, सपा में जो काम 100-500 में होते थे उसके लिए दरोगा दस हजार के नीचे नहीं करते बात: शिवपाल

शिवपाल यादव
शिवपाल सिंह यादव। (फाइल फोटो)

आरयू ब्‍यूरो, गोंडा/लखनऊ। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल यादव ने शुक्रवार को गोंडा में एक निजी शिक्षण संस्थान में जनसभा को संबोधित करने के दौरान भाजपा पर निशाना साधा। प्रसपा प्रमुख ने  कहा कि भाजपा सरकार ने सौ दिनों में भ्रष्टाचार को खत्म करने का दावा किया था, लेकिन, हमारी (सपा) सरकार में जो काम 100-500 रुपए में हो जाता था, अब उसी काम के लिए दरोगा दस हजार रुपए के नीचे बात नहीं करता। इतना ही नहीं अगर झूठी रिपोर्ट हटवानी हो तो 50 हजार से एक लाख रुपए लगते हैं।

योगी सरकार को निशाने पर लेते हुए प्रसपा प्रमुख ने का कि इस सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। सरकार में मंत्रियों विधायकों की सिफारिश तक नहीं सुनी जा रही, सिफारिश के बाद भी पुलिस रुपए ले रही। हमारी सरकार (जब शिवपाल सपा में थे) में ब्लॉक स्तर के नेता के द्वारा भी काम हो जाया करता था।

यह भी पढ़ें- प्रसपा के विलय की अटकलों को शिवपाल ने किया खारिज, कहा भाजपा के खिलाफ विपक्षी दल हो एक  

वहीं लव जेहाद के खिलाफ बनने वाले कानून का शिवपाल ने समर्थन किया। हालांकि, उन्होंने कहा कि लव जेहाद के खिलाफ कानून के साथ-साथ नैतिक शिक्षा का भी होना बेहद जरूरी है। बिना नैतिक शिक्षा के कानून बनने से कुछ नहीं होगा। इस दौरान मीडिया के सपा में वापसी के पर सवाल पर शिवपाल यादव ने कहा कि विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी से एलायंस होगा और सपा के साथ ही मिलकर चुनाव लड़ेंगे।

बता दें कि 2017 में विधानसभा चुनाव से पहले परिवार में झगड़े के बाद शिवपाल यादव ने सपा से नाता तोड़कर अपनी नई पार्टी प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया का गठन किया था।

यह भी पढ़ें- विधानसभा उपचुनवा: शिवपाल यादव ने घोषित किया प्रत्‍याशी, बांगरमऊ से किन्नर सोनम को बनाया उम्मीदवार