बोले शिवपाल, “सपा गठबंधन को जनता ने नहीं, भाजपा की चालाकियों और बेईमानी ने हराया”

शिवपाल यादव

आरयू ब्यूरो,लखनऊ/इटावा। होली के त्योहार मनाने सैफई पहुंचे प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के अध्‍यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने शुक्रवार को एक बार फिर भाजपा  निशाने पर लिया है। साथ ही आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी नीत गठबंधन भाजपा की “बेईमानी और चालाकी” के कारण हालिया विधानसभा चुनाव हार गया। प्रसपा प्रमुख ने कहा,“प्रदेश की जनता हमारे साथ है। हमें डर किस बात का है।

साथ शिवपाल ने कहा कि हम चुनौतियों-मुसीबतों का डटकर मुकाबला करेंगे और जनता को न्याय दिलाने का काम करते रहेंगे।” जसवंत नगर सीट से विधायक चुने गए शिवपाल सिंह यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा,”चुनाव में हमारी सीटें और वोट प्रतिशत बढ़ा है।” उन्होंने आरोप लगाया, “प्रदेश की जनता ने सपा को नहीं हराया, बल्कि हमें तो भाजपा की चालाकियों और बेईमानी ने हराया है।”

इतना ही नहीं शिवपाल ने आरोप लगाया कि भाजपा की इस साजिश में केंद्र सरकार के कुछ मंत्री और सरकार के कई अधिकारी भी शामिल हैं। साथ ही ये भी कहा कि “आगामी विधान परिषद चुनाव में अगर बेईमानी नहीं की गई तो हम विधान परिषद का चुनाव जीतेंगे।”

यह भी पढ़ें- केंद्रीय मंत्री से एकतरफा मुकाबले में करहल से जीते अखिलेश, शिवपाल ने भी जसवंतनगर से लगाया जीत का छक्‍का

वहीं होली के मौके पर मुलायम सिंह यादव का परिवार आज एक मंच पर नजर आया। सभी ने साथ में फूलों की होली खेली। सैफई में फूलों की होली का स्थान बदल दिया गया था। मुलायम सिंह के गांव सैफई की होली इस बार रणवीर सिंह स्मृति सैफई महोत्सव पंडाल में बड़े भव्य तरीके से मनाई गई। इस दौरान समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के साथ प्रसपा प्रमुख शिवपाल सिंह यादव, पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव समेत पूरे परिवार ने महोत्सव पंडाल में होली खेली।

यह भी पढ़ें- स्वामी प्रसाद मौर्या ने उठाएं EVM पर सवाल, बैलेट पेपर की वोटिंग में सपा ने जीती 304 सीटें, हुआ है बड़ा खेल