मैनपुरी लोकसभा सीट पर सपा की बड़ी जीत!, शिवपाल ने जनता का जताया आभार

शिवपाल सिंह यादव
फाइल फोटो।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। मैनपुरी लोकसभा सीट पर समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी डिंपल यादव को भारी बढ़त के साथ उनकी जीत तय है। इससे यह स्पष्ट हो गया है कि सपा का गढ़ मानी जाने वाली सीट सपा के पास ही रहेगी। यह सीट सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के निधन से खाली हुई थी। वहीं बहु को जीत मिलती देख अब प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने मैनपुरी और जसवंतनगर की जनता का आभार जताया है।

मैनपुरी में सपा को मिले समर्थन के लिए शिवपाल सिंह यादव ने जनता का आभार जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि मैनपुरी संसदीय क्षेत्र के मतदाताओं से मिले आशीर्वाद, स्नेह व अपार जनसमर्थन के लिए सम्मानित जनता, शुभचिंतकों, मित्रों व कर्मठ कार्यकर्ताओं का हृदय से आभार। जसवंतनगर की सम्मानित जनता द्वारा डिम्पल यादव को दिए गए आशीर्वाद के लिए जसवंतनगर वासियों का सहृदय धन्यवाद।

यह भी पढ़ें- शिवपाल का योगी सरकार पर गंभीर आरोप, परिवार पर रखी जा रही ड्रोन से नजर, कार्यकर्ताओं के घर पुलिस कर रही छापेमारी

वहीं शिवपाल ने मीडिया से बातचीत में कहा, “जो हमने विकास किया है, उसी की वजह से यहां की जनता ने हमें भारी मतों से जिताया है। जिसका जलवा कायम है, उसका नाम मुलायम है। नेताजी के आदर्शों पर जो विकास हुआ है, ये उसकी जीत है। नेताजी का जलवा हमेशा रहेगा। हम लोग आज जो भी हैं, उन्हीं की वजह से हैं। हमने पहले भी कहा था, जो हमारा रिकार्ड है, उसको हम ही तोड़ेंगे। जसवंतनगर के कार्यकर्ताओं की मेहनत से ये संभव हुआ है।

गौरतलब है कि 2024 चुनाव को लेकर मैनपुरी सीट के रिजल्ट को बेहद अहम माना जा रहा है। पूरे चुनाव में सपा ने बीजेपी पर सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का बड़ा आरोप लगाया। मतदान वाले दिन भी वोटरों को बाहर न निकलने देने का दबाव बनाने का भी प्रशासन पर आरोप लगाया था। यहां तक कि नतीजों से ठीक पहले राम गोपाल यादव ने चुनाव आयोग को चिट्ठी लिखी थी। अब डिंपल की जीत की ओर बढ़ने से सपा के खेमे में खुशी दिख रही है।

यह भी पढ़ें- शिवपाल यादव बोले, मेरी प्रतिष्ठा का सवाल,अब चाहे जो हो रहेंगे साथ