भाजपा विधायक किरण माहेश्‍वरी की कोरोना से मौत, पीएम ने जताया शोक

किरण माहेश्‍वरी
किरण माहेश्‍वरी (फाइल फोटो।)

आरयू वेब टीम। राजस्‍थान के राजसमंद से भाजपा विधायक किरण माहेश्‍वरी (59) की बीती रात गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में कोरोना से मौत हो गई है। किरण की 28 अक्टूबर को कोरोना जांच की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। जिसके बाद सात नवंबर को एयर एंबुलेंस से माहेश्‍वरी को उदयपुर से मेदांता अस्पताल ले जाया गया था। वहीं मौत की खबर के बाद भाजपा में शोक की लहर दौड़ गई। प्रधानमंत्री समेत दिग्‍गज नेताओं ने शोक व्‍यक्‍त किया है।

किरण माहेश्‍वरी को सांस लेने में तकलीफ हो रही थी, इसलिए पिछले 22 दिनों से उन्हें मेदांता के आइसीयू में भर्ती किया गया था। जहां देर रात इंफेक्शन ज्यादा होने से उनका निधन हो गया। राजसमंद विधायक रही किरण माहेश्‍वरी के शव को विशेष विमान से उदयपुर लाया जा रहा है। जहां उनके समर्थकों और परिजनों द्वारा उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी। वहीं, किरण महेश्वरी के निधन पर भाजपा के राष्ट्रीय नेताओं ने संवेदना व्यक्त की है और इसे भाजपा और प्रदेश के लिए एक बड़ी क्षति बताया है।

किरण माहेश्‍वरी के निधन पर पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि किरण माहेश्‍वरी जी के असामयिक निधन से पीड़ा हुई। राजस्थान सरकार में सांसद, विधायक या कैबिनेट मंत्री के रूप में, उन्होंने राज्य की प्रगति की दिशा में काम करने के लिए कई प्रयास किए। उनके परिवार के प्रति संवेदना। ओम शांति।

ओम बिड़ला ने जताया दुख

वहीं ओम बिड़ला ने कहा राजसमंद (राजस्थान) से विधायक बहन जी का निधन बेहद दुखद है। उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज की सेवा और हितों को संरक्षित करने के लिए समर्पित किया। मेरे लिए उनका निधन व्यक्तिगत क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान दें। परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। उन्‍होंने आगे कहा कि किरण जी के साथ राजनीतिक-सामाजिक जीवन में लम्बे अरसे तक काम किया। सामाजिक विषयों विशेषतः महिलाओं व वंचित वर्गों के अधिकारों की वे सशक्त आवाज थीं। दीन-दुखियों की सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहने वाली किरण जी को उनकी निर्भीकता व स्पष्टवादिता के लिए सदैव याद किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह की कोरोना से मौत

बता दें कि किरण माहेश्‍वरी ने साल 1987 से 90 तक हिंदू संगठन दुर्गा वाहिनी की प्रमुख के तौर पर राजनीतिक करियर शुरू किया। इसके बाद साल 1992 से 1995 तक वह राजस्थान के सोशल वेलफेयर बोर्ड की मेंबर बनी। साल 1990 से 1992 तक भाजपा महिला मोर्चा की जिला महामंत्री रही। इसके बाद में साल 1993 से 1994 तक उनको महिला मोर्चा देहात की जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। साल 1994 में उदयपुर नगर परिषद पार्षद का चुनाव किरण माहेश्‍वरी ने लड़ा और पार्षद चुनाव जीतकर उन्हें उदयपुर की सभापति बनाया गया। साल 1999 तक उन्होंने सभापति के रूप में अपना कार्यकाल पूरा किया।

साल 2002 से 2003 तक वह भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सदस्य बनी। साल 2004 में उदयपुर की सांसद चुनी गई। साल 2004 में उन्हें भाजपा राष्ट्रीय महासचिव और 2007 में महिला मोर्चा राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके बाद में साल 2008 में किरण माहेश्वरी राजसमंद विधायक बनीं और वसुंधरा सरकार में मंत्री भी बनीं। साल 2013 में एक बार फिर से चुनाव जीत विधानसभा पहुंचीं थीं।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस के दिग्‍गज नेता अहमद पटेल का निधन, कोरोना संक्रमित होने के बाद मेदांता में चल रहा था उपचार