भाजपा विधायक मानवेंद्र सिंह का निधन, बीजेपी नेताओं ने जताया शोक

मानवेंद्र सिंह

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में ददरौल क्षेत्र के भाजपा विधायक मानवेंद्र सिंह का शुक्रवार को निधन हो गया। मानवेंद्र सिंह शाहजहांपुर के ददरौली विधानसभा क्षेत्र से विधायक थे। मानवेंद्र सिंह के निधन पर सीएम योगी और विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना समेत भाजपा के तमाम दिग्‍गजों ने शोक जताया है।

मानवेंद्र सिंह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनका दिल्ली में इलाज चल रहा था। दिल्ली के आइएलबीएस अस्पताल में शुक्रवार को भाजपा विधायक ने अंतिम सांस ली। मानवेंद्र सिंह लगातार दूसरी बार विधानसभा चुनाव जीते थे। इससे पूर्व मानवेंद्र सिंह कांग्रेस सरकार में दो बार जिला पंचायत अध्यक्ष भी रह चुके थे।

विधायक के निधन पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने दुख व्यक्त करते हुए एक्‍स पर कहा, ‘उत्तर प्रदेश के ददरौल विधान सभा क्षेत्र के विधायक मानवेंद्र सिंह निधन अत्यंत दुखद है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।

वहीं सतीश महाना ने भी सीएम योगी के अंदाज में शोक जताते हुए सोशल मीडिया के अपने एक्‍स अकाउंट पर लिखा, ‘उत्तर प्रदेश के ददरौल विधानसभा क्षेत्र के विधायक मानवेंद्र सिंह का निधन अत्यंत दुखद है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।

यह भी पढ़ें- RSS प्रचारक व BJP नेता हृदयनाथ सिंह का निधन, सीएम ने भाजपा कार्यालय में दी श्रद्धांजलि

इसके अलावा यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री जितिन प्रसाद ने लिखा, ‘आज मेरे गृह जनपद शाहजहांपुर के ददरौल क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक मानवेन्द्र सिंह निधन का समाचार सुनकर मन काफी व्यथित है। स्व. श्री सिंह से मेरे परिवार का एक अटूट रिश्ता रहा। उन्होनें मेरे दिवंगत पिता जी से लेकर हमारे हर कदम पर मजबूती से हमारे परिवार के साथ सदैव खड़े रहे। प्रभु से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें एवं शोकाकुल परिवार को यह असहनीय दुख सहन करने की शक्ति दें।

यह भी पढ़ें- एक्टर विजयकांत का निधन, कोरोना संक्रमण के बाद वेंटिलेटर पर थे DMDK चीफ