राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर बोले अखिलेश, भाजपाइयों के घपलों से अयोध्यावासियों को सहना पड़ रहा दुःख, डरा हुआ है चोरों का गिरोह

अखिलेश यादव
प्रेसवार्ता में बोलते अखिलेश यादव।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को एक बार फिर योगी सरकार को निशाने पर लिया है। सपा मुखिया ने आरोप लगाते हुए कहा कि अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी से आस्था और श्रद्धा के साथ खिलवाड़ हुआ है। खजाना देख कर सत्ता में बैठे लोग अंधे हो गये है। उन्हें आस्था और श्रद्धा की परवाह नहीं है, ये सब बौरा गये है। भाजपाइयों के घपलों की वजह से अयोध्यावासियों को दुःख-दर्द सहना पड़ रहा है।

यह भी पढ़ें- अखिलेश ने कहा, भाजपा के लिए राष्‍ट्र नहीं, चंदा है प्राथमिकता, जन्‍मदिन पर PDA स्वाभिमान सहयोग अभियान का भी किया ऐलान

समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता में अखिलेश ने आज कहा कि अयोध्या में चढ़ावा चोरी की घटना बहुत दुखद है। अयोध्या में जो घटना हुई है, उसका विश्व के राम भक्त संज्ञान लें। सपा मुखिया ने कहा कि चढ़ावा, चंदा और दान चोरों का गिरोह जनाक्रोश का सामना नहीं कर पा रहा है। चोरों का ये गिरोह डरा हुआ है, इसीलिए चुपचाप बैठ गये हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा में सत्ता का संघर्ष चल रहा है। अगर चढ़ावा चोरी की जांच ईडी, सीबीआई, इनकम टैक्स करती तो जांच दिल्ली वालों के हाथ में होती रिपोर्ट उनके पास जाती, दिल्ली वाले जब तक सोचते तब तक लखनऊ वालों ने एसआईटी बना दी अब रिपोर्ट इनके पास आयेगी। अयोध्या में पैसे को देखकर ये सब बौरा गये है। सारी मर्यादाएं और लक्ष्मण रेखा पार कर गये हैं।

अत्याचार की पार हो गईं सारी सीमाएं 

वहीं एक सवाल के जवाब में अखिलेश ने कहा कि चोरों को सब लोग चोर नजर आते हैं। सोशल मीडिया पर हमारे खिलाफ जो दुष्प्रचार चल रहा है सपा कार्यकर्ता उस पर एफआइआर लिखाएंगे। सपा मुखिया ने कहा कि भाजपा सरकार में अन्याय, अत्याचार, भ्रष्टाचार चरम पर है। अत्याचार की सारी सीमाएं पार हो गयी है। पूरी सरकार वनस्पति के नशे में है। भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस केवल इस सरकार का नारा है। हर विभाग और हर काम में भ्रष्टाचार है। कोई क्षेत्र भ्रष्टाचार और लूट से अछूता नहीं है। भ्रष्टाचार से पूरा प्रदेश त्रस्त है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश की जनता के लिए संकट है। भाजपा सत्ता से हटेगी तभी संकट खत्म होगा और लोगों को न्याय मिलेगा।

बिचौलिए कर रहे लूट

हमला जारी रखते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि किसानों को डीएपी और यूरिया खाद नहीं मिल रही है। फसलों का सही दाम नहीं मिल रहा है। बिचौलिए लूट कर रहे हैं। भाजपा नेताओं ने सब मक्का किसानों से खरीद लिया और उसका मुनाफा ले लिया। किसानों को कुछ नहीं मिला।

प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं बर्बाद

इस दौरान स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जिक्र कर सपा सुप्रीमो ने कहा कि प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं बर्बाद है। अस्पतालों में गुणवत्ता युक्त इलाज नहीं मिल रहा है। लखनऊ में सिविल हॉस्पिटल को अच्छा बनाने के लिए सपा की सरकार में सूचना विभाग की बिल्डिंग हॉस्पिटल के लिए खाली करायी गयी, लेकिन भाजपा सरकार ने दस साल में कुछ नहीं किया। सपा सरकार में लखनऊ के सिविल हॉस्पिटल और बलरामपुर हॉस्पिटल को विश्वस्तरीय बनाएंगे, सभी सुविधाएं की जाएंगी।

आजादी के बाद चीन ने छीनी भारत की सबसे ज्यादा जमीन

इस दौरान अरूणाचल प्रदेश में सीमा पार चीन के अतिक्रमण को लेकर अखिलेश ने कहा कि सीमा पर चीन का खतरा बढ़ता जा रहा है। आजादी के पहले और आजादी के बाद चीन ने भारत की सबसे ज्यादा जमीन छीनी है। सीमा पर सबसे ज्यादा उल्लंघन चीन की सेना ने किया है, लेकिन सरकार चुप है।

पार्क में नहीं है एक भी पेड़

साथ ही तंज कसते हुए अखिलेश ने कहा कि भाजपा संगठन और सरकार में झगड़ा है कि दौरे के दौरान लखनऊ में कर्फ्यू जैसी स्थिति रही। जब कोई काम नहीं था तो चाय पीने चले गए। गुटबाजी देखते हुए आम खाने गये थे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने दस साल की सरकार में लखनऊ में कोई काम नहीं किया, जिसे लोगों को बता और दिखा सके। प्रेरणा स्‍थल का जिक्र करते हुए कहा कि एक पार्क बनाया है भी तो उसमें एक भी पेड़ नहीं है।

यह भी पढ़ें- राम मंदिर चढ़ावा चोरी के आरोपितों के ठिकानों पर पुलिस ने मारा छापा, गहने व कागजात बरामद