बोले केशव मौर्या, महिला सशक्तिकरण के प्रति BJP सरकार बेहद संवेदनशील

सखियों को संबोधित
सखियों को संबोधित करते केशव प्रसाद मौर्या।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन मोदी की गारंटी है। डबल इंजन सरकार द्वारा आधी आबादी को पूरा अधिकार  दिया जा रहा है। महिला सशक्तिकरण के लिए भाजपा सरकार बेहद संवेदनशील है।

उक्‍त बातें आज मोहनलालगंज ब्लाक में आयोजित कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों को संबोधित करते हुए यूपी के डिप्‍टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या ने कही। उप मुख्‍यमंत्री ने कहा महिलाओं को और सबल व सक्षम बनाने के लिए नये संसद भवन में सबसे पहले नारी शक्ति वन्दन अधिनियम को मंजूरी दी गई है।

पश्चिम बंगाल में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के वर्चुअल संबोधन को आज मोहनलालगंज ब्‍लॉक में स्वयं सहायता समूहों के साथ केशव मौर्या ने सुना। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने विकास खंड के विभिन्न स्वयं सहायता समूहों किए कार्यो के लिए प्रमाण पत्र वितरित कर दीदियों का उत्साहवर्धन किया।

साथ ही उप मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में चार करोड़ से ज्‍यादा व प्रदेश में लगभग 56 लाख पक्के मकान गरीबों को दिए गए हैं, इसमें 75 प्रतिशत से अधिक आवास महिलाओं के नाम पर हैं। देश में दस करोड़ से अधिक निःशुल्क गैस कनेक्शन महिलाओं को दिये गये हैं।

‘नमो ऐप’ जरूर डाउनलोड करें

उन्होंने उपस्थित सभी समूहों से अपील करते हुए कहा कि ‘नमो ऐप’ जरूर डाउनलोड करें, इससे महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल होती रहेंगी। साथ ही केशव मौर्या ने सखियों के कार्यों की चर्चा करते हुए कहा कि इससे न केवल महिलाओं का आजीविका संवर्धन हो रहा, बल्कि महिलाओं की अपनी पहचान बनी है, महिलाओं का‌ समाज में सम्मान भी बढ़ा है।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस-INDIA के खिलाफ अमित शाह ने प्रस्ताव पेश कर कहा, देश ने तय कर लिया नरेंद्र मोदी फिर बनें प्रधानमंत्री

केशव मौर्या ने नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए मंच से कहा कि स्वयं सहायता समूह अब राष्ट्र सहायता समूह बनकर उभर रहे हैं। प्रधानमंत्री द्वारा देश में तीन करोड़ दीदियों को लखपति दीदी बनाने का‌ लक्ष्य रखा गया है और इस दिशा में बहुत तेजी के साथ काम हो रहा है। जब लखपति दीदी गांव-गांव में होंगी, तब देश की तस्वीर व तकदीर बदली नजर आयेगी।

गांवों की बहनों के लिए नमो ड्रोन दीदी योजना लाई गयी है, जिसके तहत दीदियों को खेती में ड्रोन का उपयोग करने की ट्रेनिंग दी जा रही है, इससे महिलाओं की अतिरिक्त आमदनी होगी।

इस अवसर पर मोहनलालगंज के विधायक अमरेश रावत, विनय प्रताप सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की मिशन निदेशक दीपा रंजन, मुख्य विकास अधिकारी लखनऊ, संयुक्त निदेशक ग्रामीण आजीविका मिशन जन्मेजय शुक्ला, सहित जिले के अन्य अधिकारी व स्वयं सहायता समूहों की दीदियां मौजूद रहीं।