आरयू ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने आज भारत और पाकिस्तान के बीच दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में हो रहे क्रिकेट मैच पर प्रतिक्रिया दी है। सपा नेता ने मैच को लेकर कहा कि भारतीय जनता पार्टी से जनता का विश्वास उठ चुका है। शिवपाल यादव पहलगाम आतंकी हमले पर भाजपा पर निशाना साधते हुए इसके लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि जो लोग इस मैच का विरोध कर रहे हैं, उन्हें लोकतंत्र में इसका अधिकार है।
यह भी पढ़ें- बजट सत्र से पहले जोरदार प्रदर्शन, शिवपाल ने भाजपा सरकार को असंवेदनशील बता रखी इस्तीफे की मांग
साथ ही कहा कि देश में कानून व्यवस्था नहीं है। भाजपा वालों ने वादा किया था कि जब हमारी सरकार बनेगी तो आधी रात को महिलाएं कहीं भी घूम सकेंगी, लेकिन महिलाएं और लड़कियां सुरक्षित नहीं हैं। ये भी आरोप लगाया है कि बहुत से मामलों में तो रिपोर्ट ही दर्ज नहीं की जा रही हैं। इसके अलावा सपा नेता ने यूपी में हो रहे एनकाउंटर पर भी सवाल उठाया है।
75 जिलों में रोकेंगे वोट चोरी
इस दौरान शिवपाल यादव ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। मीडिया से बातचीत में कहा कि विधानसभा चुनावों की तैयारियां शुरू हो चुकी है। संगठन का लक्ष्य समाजवादी वोटों को कटने से बचाना है। भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि, भाजपा की जो सरकारें बनी हैं, वोट को चुराकर बनी हैं। समाजवादी पार्टी के लोग यूपी के 75 जिलों में वोट चोरी को रोकेंगे और भाजपा को हराएंगे।
तेजी से भागता है स्मार्ट मीटर
वहीं यूपी में स्मार्ट मीटर को लेकर हो रहे विरोध पर सपा नेता शिवपाल यादव ने कहा कि, स्मार्ट मीटर इतनी तेजी से भाग रहे हैं, जो बिल 2000 आता था वह 5000 पहुंच गया है। सबसे महंगी बिजली उत्तर प्रदेश में है। सबसे ज्यादा वसूली उत्तर प्रदेश में होती है। साथ ही अवैध बिजली कटौती का आरोप लगाया है।




















