यूपी के इकलौते BSP विधायक के अंतिम दर्शन कर बोलीं मायावती, उमाशंकर सिंह के बेटे को बढ़ाऊंगी राजनीति में आगे

मायावती
उमाशंकर सिंह के आवास पर उनके अंतिम दर्शन करतीं मायावती। (फोटो- आरयू)

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी विधानसभा में बसपा के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह के निधन के बाद उनके गोमतीनगर स्थित आवास पर बसपा सुप्रीमो मायावती ने पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही विधायक के बेटे को ढांढस बंधाते हुए कहा, “बसपा परिवार आपके साथ है।” बसपा मुखिया ने इच्छा जताते हुए कहा कि अगर परिवार की सहमति होगी तो उमाशंकर सिंह के बेटे को राजनीति में आगे बढ़ने का पूरा अवसर दूंगी।

कभी नहीं दिया धोखा

वहीं मीडिया से बातचीत में मयावती ने कहा कि उमाशंकर सिंह मुझे अपनी सगी बहन की तरह मानते थे। रक्षाबंधन पर मैं लखनऊ में रहूं या दिल्ली में, वह हर साल मुझसे राखी बंधवाने आते थे। राजनीति में कई लोगों ने साथ छोड़ा, लेकिन उमाशंकर सिंह ने कभी धोखा नहीं दिया। उनका ये अपनापन मैं कभी नहीं भूल सकती।

बसपा मुखिया ने कहा कि अभी ऐसी बातों पर चर्चा करने का समय नहीं है, लेकिन मैं परिवार को भरोसा दिलाना चाहती थी कि बसपा उनके साथ खड़ी है। मैं आश्वासन देती हूं कि अगर परिवार की इच्छा होगी तो उनके बेटे को राजनीति में आगे बढ़ने का पूरा अवसर दूंगी। उन्हें वही सम्मान और महत्व दिलाने का प्रयास करूंगी, जो उमाशंकर सिंह को पार्टी में मिला था।

बता दें कि उमाशंकर का शव देर शाम बलिया के रसड़ा पहुंचा तो अंतिम दर्शन के लिए हजारों लोग उमड़ पड़े। काफिले में करीब सैकड़ों गाड़ियां थीं। विधायक का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव खनवर में कल यानी शुक्रवार को किया जाएगा। उन्होंने बुधवार शाम दिल्ली के फोर्टिस अस्पताल में अंतिम सांस ली थी। 55 साल के उमाशंकर लंबे समय से ब्रेन कैंसर से जूझ रहे थे। इलाज के लिए अमेरिका भी गए थे, लेकिन बीमारी चौथे स्टेज तक पहुंच चुकी थी।

उमाशंकर सिंह बलिया की रसड़ा विधानसभा सीट से लगातार तीन बार विधायक चुने गए। परिवार में पत्नी पुष्पा सिंह, बेटी यामिनी और बेटे प्रिंस युकेश हैं। यामिनी की शादी 2019 में और युकेश की शादी 2024 में हुई थी। युकेश की पत्नी कनिका सिंह, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह की भतीजी हैं। इस शादी में भी बसपा प्रमुख मायावती शामिल हुई थीं। पुष्पा सिंह अपने पति की कंपनी सीएस इंफ्राकंस्ट्रक्शन लिमिटेड की मैनेजिंग डायरेक्टर हैं, जबकि प्रिंस युकेश कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हैं।

यह भी पढ़ें- मायावती ने फिर आकाश आनंद के ससुर को किया बसपा से बाहर, कहा अब कतई नहीं होगी BSP में वापसी

विधायक उमाशंकर सिंह का शव बलिया के रसड़ा पहुंच गया है। हजारों की संख्या में लोग उमाशंकर भैया अमर रहे नारे लगाते रहे। जिसके बाद विधायक का शव उनके खनवर स्थित पैतृक आवास पहुंचा। विधायक उमाशंकर सिंह के पुरोहित अंजनी कुमार शुक्ला ने कहा, “सूचना मिलते ही मैं यहां पहुंच गया। अंतिम संस्कार की सभी तैयारियां और आवश्यक प्रक्रियाएं चल रही हैं। इसके बाद कल सुबह उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- बसपा के इकलौते विधायक के गोमतीनगर आवास समेत कई ठिकानों पर IT का छापा