बसपा ने सुल्तानपुर विधानसभा से घोषित किया प्रत्याशी, इम्तियाज अहमद को बनाया उम्मीदवार

बसपा प्रत्याशी
बसपा के सुल्तानपुर से प्रत्याशी इम्तियाज अहमद भुट्टो।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी ने यूपी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए सुल्तानपुर सीट पर प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। बसपा ने इम्तियाज अहमद भुट्टो को उम्मीदवार बनाया है। इसकी घोषणा पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने करते हुए कहा कि मायावती के निर्देशानुसार जनपद सुल्तानपुर के तिकोनिया पार्क में बसपा द्वारा इम्तियाज अहमद भुट्टो को घोषित किया गया।

बसपा के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे सुल्तानपुर पहुंचे और डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद तिकोनिया पार्क में मीडिया से बातचीत के दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने मौजूदा राजनीति, आगामी विधानसभा चुनाव और बसपा की चुनावी रणनीति को लेकर पार्टी का रुख सामने रखा।

इस दौरान सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओपी राजभर के उत्तर प्रदेश को चार हिस्सों में बांटने संबंधी बयान पर विश्वनाथ पाल ने कहा कि कई राजनीतिक दल घोषणाएं और बयान तो करते हैं, लेकिन उन्हें जमीन पर उतारने को लेकर स्थिति अलग रहती है। उन्होंने कहा कि जब सुलतानपुर बड़ा जिला था और प्रशासनिक स्तर पर विकास कार्यों में दिक्कतें आ रही थीं, तब मायावती सरकार ने छत्रपति साहू जी महाराज के नाम से नया जिला बनाया था। इसी तरह बस्ती और देवीपाटन मंडल के गठन का भी उन्होंने जिक्र किया।

वहीं विश्वनाथ पाल ने सपा के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की राजनीति पर भी सवाल उठाए। साथ ही कहा कि उनके नजरिए में पीडीए का अर्थ ‘धोखा’ है। पाल ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली सरकार के दौरान बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर के नाम पर बनाए गए भीमनगर जिले का नाम बदलकर संभल कर दिया गया था। उन्होंने इसी मुद्दे को लेकर सपा की राजनीति पर निशाना साधा।

यह भी पढ़ें- खुद की तारीफ कर प्रतिज्ञा से पलटीं मायावती, भतीजी दीपिका को भी नहीं देंगी बसपा में जिम्‍मेदारी, ईशान की हुई वापसी

इसके अलावा एआइएमआइएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के साथ गठबंधन के सवाल पर बसपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कई राजनीतिक दल बसपा के साथ गठबंधन की इच्छा जता रहे हैं, लेकिन बसपा किसी ‘बैसाखी’ के सहारे चुनाव मैदान में नहीं उतरेगी। उन्होंने कहा कि बसपा प्रमुख मायावती ने 2007 की तर्ज पर जनता के साथ गठबंधन की रणनीति के तहत आगामी चुनाव अकेले लड़ने का निर्णय लिया है।

यह भी पढ़ें- UPI लेनदेन पर शुल्क को मायावती ने करार दिया जनता से होने वाली लूट, कहा थोपा जा रहा टैक्स