वाराणसी रैली में योगी ने कहा, CAA का विरोध है देश के खिलाफ षडयंत्र

देश के खिलाफ षडयंत्र
रैली मे अभिवादन करते सीएम, केशव मौर्या, स्वतंत्र देव सिंह व अन्य।

आरयू ब्‍यूरो, वाराणसी। इस समय देश में नागरिकता संशोधन कानून को लेकर जो विरोध हो रहा है वह केवल भारतीय जनता पार्टी का विरोध नहीं है। यह विरोध देश के खिलाफ षडयंत्र है। इसको लेकर सभी को जागरूक करने की जरूरत है। हम आप लोगों के बीच लोगों को जागरूक करने के लिए ही आए हैं।

उक्‍ता बातें शनिवार को मुख्‍यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र काशी में सीएए के समर्थन में रैली को संबोधित करते हुए कही। इस दौरान रैली में मोदी सरकार की योजनाओं का बखान करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री विभिन्न योजनाओं के जरिए किसानों, नौजवानों के हित में काम कर रहे हैं। उनके कार्यों से घबराकर विपक्षी सीएए के नाम पर लोगों को भड़का रहे हैं।

यह भी पढ़ें- अमित शाह ने कहा, विपक्षी दलों ने करवाए CAA विरोधी दंगे, नापाक इरादों का पर्दाफाश करेगी भाजपा

उन्होंने कहा कि 2008 में जब मुंबई पर आतंकी हमला हुआ था। देश के लोग चाहते थे कि पाकिस्तान पर हमला हो, लेकिन तब की सरकार ने नहीं किया। आज जब पाकिस्तान को जवाब दिया जा रहा है, तब मोदी सरकार के खिलाफ षड्यंत्र किया जा रहा। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि सीएए लोगों को नागरिकता देने का कानून है लेने का नहीं। फिर भी नरेंद्र मोदी से घबराए विपक्षी लोगों को भड़का रहे हैं। भारत विरोधी नारा लगाने वालों के साथ खड़े होने से कांग्रेस, सपा और विपक्षियों का चरित्र भी सामने आ रहा है।

इस कानून को तोड़ मरोड़कर पेश करने का प्रयास किया जा रहा है। अब तो इस कानून की आड़ में अराजक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। सरकार ने इन अराजकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। इसी का नतीजा है कि लोग हर्जाना का चेक लेकर खुद आ रहे हैं। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश का संविधान हमें फंडामेंटल राइट देता है तो हमें फंडामेंटल दायित्व भी देता है। दायित्व यही है कि अगर कहीं भी देश के साथ धोखा हो रहा हो तो हमें आगे आकर लोगों को जागरूक करना होगा।

यह भी पढ़ें- CAA की जानकारी देने घर-घर जाएगी भाजपा, अमित शाह, राजनाथ व योगी समेत मैदान में उतरेंगे कई दिग्‍गज नेता

इस दौरान नागरिकता संशोधन कानून को लेकर भाजपा ने अपने अभियान की शुरुआत पीएम नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र से की। जिसमें मुख्‍यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी व डॉ. महेंद्र नाथ पाण्डेय, यूपी भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह तथा प्रदेश सरकार में मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी मौजूद रहे। ये रैली संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के मैदान में आयोजित की गई।

यह भी पढ़ें- केंद्र को 40 हजार शरणार्थियों की लिस्ट भेजकर CAA लागू करने वाला पहला राज्य बना UP