CAA की जानकारी देने घर-घर जाएगी भाजपा, अमित शाह, राजनाथ व योगी समेत मैदान में उतरेंगे कई दिग्‍गज नेता

महासंपर्क अभियान

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के खिलाफ लोगों में असंतोष को देखते हुए अब भाजपा महासंपर्क अभियान चलाने जा रही है। बीजेपी राष्ट्र व्यापी अभियान चलाकर हर जिले में संपर्क एवं गोष्ठियों के माध्यम से सीएए को तथ्यों के साथ जनता के सामने रखेगी। इस बात की जानकारी शुक्रवार को मीडिया को देते हुए महासंपर्क अभियान प्रभारी एवं प्रदेश महामंत्री सलिल विशनोई व अभियान के सहप्रभारी प्रदेश मंत्री संतोष सिंह ने बताया कि भाजपा का शीर्ष नेतृत्व पांच जनवरी को राज्य व जिला मुख्यालयों पर महासंपर्क अभियान को अग्रसारित कर सीएए पर मोदी सरकार का पक्ष रखेगी।

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व गृहमंत्री अमित शाह खुद पांच जनवरी को नई दिल्ली में महासंपर्क अभियान का नेतृत्व करते हुए जनसंपर्क करेंगे। वहीं उत्तर प्रदेश में पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा गाजियाबाद में महासंपर्क अभियान का नेतृत्व करेंगे। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह बरेली, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल गौतमबुद्ध नगर में नागरिकता संशोधन कानून का सत्य लेकर जनता के बीच पहुंचेगें।

सलिल विश्‍नोई ने आगे कहा कि बीजेपी हर जिले में जन-जन तक पहुंचकर जनसंपर्क व गोष्ठियों के माध्यम से नागरिकता संशोधन कानून पर विपक्ष द्वारा फैलाए गए भ्रम को दूर करेगी तथा विपक्ष द्वारा देश में फैलाए गए हिंसा व वैमनस्य का भी जवाब जनसंपर्क एवं गोष्ठियों के माध्यम से देगी।

यह भी पढ़ें- बोले अजय कुमार, CAA-NRC का विरोध करने पर योगी सरकार ने जनता पर किया अत्‍याचार, पीड़ितों की आवाज बनेगी कांग्रेस

अभियान प्रभारी ने कहा कि पांच जनवरी को महासंपर्क अभियान के तहत भारत सरकार के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह लखनऊ, राष्ट्रीय महामंत्री अरूण सिंह मेरठ, केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान वाराणसी, मुख्तार अब्बास नकवी रामपुर, साध्वी निरंजन ज्योति फतेहपुर, संजीव वालियान मुजफ्फरनगर, प्रहलाद पटेल झांसी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मुरादाबाद व डा. दिनेश शर्मा आगरा में महासंपर्क अभियान का नेतृत्व करेंगे।

वहीं योगी सरकार के मंत्री डा. महेंद्र सिंह मथुरा, सुरेश राणा अलीगढ़, लक्ष्मीनारायण चौधरी बदायूं, सुरेश खन्ना कानपुर, दारा सिंह चैहान बाराबंकी, चेतन चौहान बलरामपुर, मुकुट बिहारी वर्मा बहराइच, ब्रजेश पाठक अयोध्या, जय प्रताप सिंह सुलतानपुर, स्वामी प्रसाद मौर्य कुशीनगर में महासंपर्क अभियान का नेतृत्व करेंगे।

यह भी पढ़ें- जनसंपर्क, सभा व सोशल मीडिया के जरिए 26 दिसंबर से 25 जनवरी तक अभियान चला जनता को CAA के बारे में बताएगी BJP

इसी क्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष जेपीएस राठौर रायबरेली, राकेश त्रिवेदी कौशाम्बी, पुरूषोत्तम खण्डेलवाल मैनपुरी, नवाब सिंह नागर सहारनपुर, लक्ष्मण आचार्य मिरजापुर, रंजना उपाध्याय ललितपुर, पद्म सिंह चौधरी लखीमपुर, सुधीर हलवासिया अंबेडकरनगर, उपेंद्र शुक्ला बस्ती, प्रदेश महामंत्री गोबिन्द नारायण शुक्ला फिरोजाबाद, विजय बहादुर पाठक  गौतमबुद्धनगर, विद्यासागर सोनकर उन्नाव, सलिल विश्‍नोई प्रयागराज, पंकज सिंह महराजगंज, प्रदेश मंत्री अनूप गुप्ता गोण्डा, देवेंद्र सिंह चौधरी शामली, देवेश कोरी चित्रकूट, अंजुला माहौर हाथरस, कौशलेन्द्र पटेल जौनपुर, शंकर गिरी सोनभद्र, कामेश्‍वर सिंह आजमगढ, प्रदेश सहकोषाध्यक्ष मनीष कपूर चंदौली, प्रदेश सरकार के मंत्री विजय कश्यप अमरोहा, कपिलदेव अग्रवाल बिजनौर, धर्म सिंह सैनी बागपत, अशोक कटारिया बुलन्दशहर, अनिल शर्मा कासगंज, लाखन सिंह राजपूत औरैया में महाभियान का नेतृत्‍व करेंगे।

यह भी पढ़ें- लखनऊ में अटल प्रतिमा का अनावरण कर बोले प्रधानमंत्री, CAA पर हिंसा करने वाले खुद से पूछें, क्या सही है उनका रास्ता