चलती रोडवेज बस पर गिरा पेड़, चार महिला टीचर समेत पांच की मौत, बाराबंकी में हुआ दर्दनाक हादसा

बाराबंकी
हादसे के बाद मौके पर इकट्ठा भीड़।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ/बाराबंकी। भारी बारिश के कारण शुक्रवार को यात्रियों से भरी बस हादसे का शिकार हो गई है। बाराबंकी से हैदरगढ़ जा रही एक बस पर अचानक पेड़ गिर गया। जिसमें बस चालक समेत पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मरने वालों में चार महिला टीचर शामिल है, जबकि आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल में एडमिट कराया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस हैदरगढ़ से सवारियां लेकर बाराबंकी की ओर आ रही थी। जैसे ही बस हरख चौराहे के पास पहुंची, तेज बारिश और तेज हवा के बीच सड़क किनारे खड़ा पुराना पेड़ अचानक टूटकर बस पर गिर पड़ा। पेड़ गिरते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई यात्री बस के अंदर ही फंस गए।
स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों की मदद से बस के अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया।

इस दौरान पेड़ और बस की दबाव में फंसे कुछ यात्रियों को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीन की मदद से पेड़ हटाकर घायल यात्रियों को बाहर निकाला गया और पास के अस्पताल में भर्ती कराया, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को रेफर कर दिया है।

यह भी पढ़ें- बोलेरो से लखनऊ एयरपोर्ट जा रहे परिवार को डंपर ने मारी टक्कर, महिला व ड्राइवर की दर्दनाक मौत, पांच घायल

वहीं बताया जा रहा है कि एक टीचर प्राथमिक स्कूल कादीपुर में तैनात थीं। हादसे में घायल एक महिला ने बताया कि वह भी टीचर है। हम टीचर्स अपने-अपने स्कूल जाने के लिए निकली थीं। सफर के दौरान बाराबंकी में अचानक चलती बस पर पेड़ गिर गया। मौके अफरा-तफरी मच गई। एक महिला की पहचान शहर के मोहल्ला गुलरिया गार्दा की निवासी शिक्षा मल्होत्रा (53) के रूप में हुई है, जो प्राथमिक स्कूल कादीपुर में तैनात थीं। तीन अन्य महिलाओं की आयु 40 से 45 साल के मध्य है। चालक और एक अन्य टीचर की पहचान नहीं पाई है।

पांच लाख की आर्थिक सहायता: सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद बाराबंकी में सड़क हादसे में हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और मृतकों के परिजनों को पांच लाख की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनका समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।

यह भी पढ़ें- खड़े डंपर से रोडवेज बस की टक्‍कर में ड्राइवर की मौत, छह यात्री घायल