चार दिवसीय यात्रा पर भारत पहुंचें पुर्तगाल के राष्ट्रपति, PM मोदी से इन मुद्दों पर हुई चर्चा

पुर्तगाल के राष्ट्रपति

आरयू वेब टीम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पुर्तगाल के राष्ट्रपति मार्सेलो रेबेलो डी सूसा ने शुक्रवार को कारोबार, निवेश सहित दोनों देशों के संबंधों को और गहरा बनाने के रास्तों एवं रिश्तों के विविध आयामों पर व्यापक चर्चा की।पुर्तगाल के राष्ट्रपति सूसा चार दिवसीय यात्रा पर बृहस्पतिवार की रात को भारत पहुंचे थे। शुक्रवार को उनका राष्ट्रपति भवन में पारंपरिक स्वागत किया गया, जहां उन्होंने सलामी गारद का निरीक्षण भी किया।

अधिकारियों ने मीडिया को बताया कि प्रधानमंत्री और पुर्तगाल के राष्ट्रपति मार्सेलो रेबेलो डी सूसा ने कारोबार, शिक्षा, निवेश सहित द्विपक्षीय संबंधों के संपूर्ण आयामों पर चर्चा की। पुर्तगाल के राष्ट्रपति मार्सेलो रेबेलो डी सूसा, भारत के राष्ट्रपति के निमंत्रण पर 13 से 16 फरवरी 2020 तक भारत की राजकीय यात्रा पर आए हैं। उनके साथ एक उच्च स्तरीय शिष्टमंडल भी भारत आया है।

यह भी पढ़ें- CAA-NRC के प्रदर्शनों को लेकर दिल्ली में बोले PM मोदी, इसके पीछे राष्ट्र के सौहार्द को खंडित करने वाला डिजायन

विदेश मंत्रालय की ओर से दी गयी जानकारी के अनुसार, ‘‘पुर्तगाल के साथ भारत के संबंध जोशपूर्ण और मित्रता के रहे हैं और हाल के वर्षों में इनमें काफी वृद्धि हुई है। हाल के उच्च स्तरीय राजनीतिक आदान-प्रदान में प्रधानमंत्री एंटोनियो कोस्टा की दिसंबर 2019 में भारत की यात्रा और हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जून 2017 में पुर्तगाल की यात्रा शामिल है।’’

कहा गया है कि दोनों देशों के बीच अर्थव्यवस्था और व्यापार, विज्ञान, संस्कृति और शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय और वृद्धिशील सहयोग है। वे अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर काफी महत्वपूर्ण साझेदार हैं।

इसके अलावा पुर्तगाल के राष्ट्रपति की यह यात्रा दोनों पक्षों के लिए द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति की समीक्षा करने और आम हित के अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों पर सहयोग तथा विनिमय के दृष्टिकोण के नए मार्ग को आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान करेगी।

यह भी पढ़ें- रायसीना डायलॉग में बोले बिपिन रावत, आतंकवाद को अमेरिका के तरीके से ही किया जा सकता है परास्‍त