कुशीनगर में अवैध पटाखा फैक्‍ट्री में विस्‍फोट चार लोगों की मौत, दर्जन भर घायल

आरयू संवाददाता/कुशीनगर। यूपी के कुशीनगर जनपद के कप्तानगंज थाना क्षेत्र स्थित एक अवैध पटाखा फैक्‍ट्री में बुधवार सुबह अचानक विस्फोट हो गया। घटना में चार लोगों की झुलसने से मौत हो गई, जबकि करीब दर्जनभर लोग घायल हुए है। घायलों को इलाज के लिए कप्तानगंज सीएचसी में भर्ती कराया गया है। घटना के कई घंटों बाद तक आशंका जताई जा रही थी कि कई और लोग अंदर फंसे हो सकते हैं। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बचाव व राहत कार्य शुरू किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिवाली के मौके पर सप्लाई के लिए लोग अवैध तरीके से पटाखा बना रहे थे तभी करीब सात बजे अचानक से विस्फोट हो गया। पुलिस के मुताबिक, कप्तानगंज थाने के वार्ड नंबर 11 की घनी आबादी में यह अवैध पटाखा फैक्ट्री संचालित हो रही थी, जिस मकान में विस्फोट हुआ, उसके आसपास के तीन मकान भी चपेट में आ गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना के बाद पुलिस, फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस की गाडि़यां मौके पर पहुंची। मिली जानकारी के अनुसार घायल लोगों को मलबे से निकालकर जिला अस्पताल भेजा गया है। जहां चार को डॉक्‍टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्‍य का उपचार किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- सोनीपत के बटन फैक्‍ट्री में लगी भीषण आग, आठ मजदूर झुलसे, दो की हालत गंभीर

स्‍थानीय लोगों के मुताबिक यह गोदाम जावेद नाम के एक व्‍यक्ति का है। उसने दीपावली के लिए घर के ही एक हिस्से में अवैध पटाखा जमा कर रखा था। आज सुबह घमाके के बाद मकान से आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठती देख आसपास के लोग दहशत में आ गए। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को देने के साथ ही आगे बुझाने की कोशिश की।

इस घटना के बाद स्थानीय पुलिस की कार्य शैली पर भी सवाल उठ रहे हैं। किस तरह से यह पटाखा फैक्ट्री घनी आबादी में संचालित हो रही थी? अभी इस बाबत कोई भी बड़ा अधिकारी कुछ भी बोलने से बच रहा है और जांच की बात कह रहे है। वहीं इलाकाई लोगों का कहना था कि अवैध पटाखा फैक्‍ट्री पुलिस व प्रशासनिक अफसरों से सेटिंग कर चलाई जा रही थी।

यह भी पढ़ें- मेरठ के मकान में विस्‍फोट, कांग्रेस नगर अध्यक्ष समेत दो की मौत, कई घायल