सिविल सेवा परीक्षा 2017 के नतीजे घोषित, हैदराबाद के अनुदीप ने किया टॉप, 990 हुए सेलेक्‍ट

UPSC Result 2017
अनुदीप दुरिशेट्टी।

आरयू वेब टीम।

संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने सिविल सेवा परीक्षा 2017 के नतीजे घोषित कर दिए हैं। शुक्रवार देर शाम यूपीएससी ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर सिविल सेवा परीक्षा 2017 के अंतिम परिणाम जारी कर दिए।

मेटपल्ली दक्षिण भारत के रहने वाले अनुदीप दुरिशेट्टी ने इस परीक्षा में टॉप किया है। अनुदीप वर्तमान में भारतीय रेवेन्यु सर्विस में असिस्टेंट कमिश्‍नर के पद पर हैं। दूसरे नंबर पर अनु कुमारी हैं, जबकि तीसरा स्थान सचिन गुप्ता ने हासिल किया है। आप यूपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर अपना रिजल्ट चेक कर सकते हैं

वहीं बिहार के आरा जिले के अतुल प्रकाश को चौथा स्थान मिला है। इसके अलावा इलाहाबाद के रहने वाले अनुभव सिंह को सिविल सेवा में आठवां स्थान मिला है। वहीं सहरसा के सागर कुमार झा को 13वां स्थान मिला है। हल्द्वानी की अपूर्वा पांडे ने 39 रैंक हासिल की है। सागर इससे पहले असिस्टेंट कमांडेंट की परीक्षा टॉप कर चुके हैं।

इसके अलावा सूबे की राजधानी लखनऊ के अंकुर तिवारी ने 543 रैंक प्राप्‍त की है। अंकुर के पिता अवधेश तिवारी लखनऊ विकास प्राधिकरण में बतौर अधिशासी अभियंता तैनात हैं।

यह भी पढ़ें- आखिरकार गठित हो गया अधीनस्‍थ सेवा चयन आयोग, जानें किसको मिली महत्‍वपूर्ण जिम्‍मेदारी

यूपीएससी फाइनल परीक्षा 2017 में कुल 990 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है। जिसमें  सामान्य वर्ग के सबसे अधिक 476, अति पिछड़ा वर्ग के 275, अनुसूचित जाति के 165, अनुसूचित जनजाति के 74 उम्मीदवार शामिल हैं। शीर्ष 25 उम्मीदवारों में 18 पुरुष एवं सात महिलाएं हैं।

वहीं भारतीय प्रशासनिक सेवा के लिए 180 उम्मीदवारों का चयन हुआ है। भारतीय विदेश सेवा के लिए 42, आइपीएस के लिए 150, केंद्रीय सेवा ग्रुप (क) 565, ग्रुप (ख) सेवाओं के लिए 121 उम्मीदवार पास हुए हैं।

उल्‍लेखनीय है कि यूपीएससी मुख्य परीक्षा 28 अक्टूबर, 2017 को आयोजित हुई थी। यह परीक्षा भारतीय प्रशासनिक सेवा (आइएएस), भारतीय विदेश सेवा (आइएफएस), भारतीय पुलिस सेवा (आइपीएस) और केंद्रीय सेवा (समूह ए और समूह बी) और विभिन्न अन्य सरकारी विभागों में भारतीय नागरिकों के 990 पदों की भर्ती के लिए आयोजित की गई थी।

990 अभ्यर्थियों की लिस्‍ट देखनें के लिए यहां क्लिक करें- UPSC Result 2017