CM योगी का बड़ा फैसला, महिलाओं से छेड़खानी करने वालों के शहर में लगेंगे पोस्‍टर

मिशन दुराचारी
फाइल फोटो।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनकी सुरक्षा के लिए बड़ा फैसला लिया है। सीएम ने अपने फैसले में कहा कि यूपी में अगर कोई भी महिलाओं से छेड़खानी करते पकड़ा जाता है, तो उसके पोस्टर शहर में लगेंगे। जिसकी जिम्‍मेदारी मुख्‍यमंत्री ने महिला पुलिस को सौंपी है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारीयों को निर्देश दिया है कि सरेराह छेड़खानी करने वाले शोहदों और आदतन दुराचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही सीएम योगी ने बड़ा फैसला लेते हुए ऐसे अपराधियों के पोस्टर सार्वजानिक सथलों पर लगाने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने कहा कि महिलाओं और बच्चियों के साथ रेप, छेड़खानी, यौन उत्पीड़न या शोषण करने वाले अपराधियों और दुराचारियों के मददगारों के भी नाम उजागर किए जाएं। ऐसा करने से उनके मददगारों में भी बदनामी का डर पैदा होगा।

यह भी पढ़ें- #CAA: सार्वजनिक स्‍थानों से आरोपितों के पोस्‍टर हटाने के आदेश को योगी सरकार ने दी सुप्रीम कोर्ट में चुनौती

वहीं मिशन दुराचारी के तहत महिला पुलिसकर्मियों को इसका जिम्मा दिया जाएगा। महिला पुलिस शहर के चौराहों पर नजर रखेगी। प्रदेश में महिला अपराध के कई मामले सामने आने के बाद योगी ने ये फैसला लिया है।

महिलाओं से किसी भी तरह का अपराध करने वाले दुराचारियों को महिला पुलिसकर्मियों से ही दंडित कराएं।

महिला पुलिसकर्मियों से ही इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई कराई जाए।

ऐसे अपराधियों और दुराचारियों के मददगारों के भी नाम उजागर करें

जिस तरह एंटी रोमियो स्क्वायड ने मनचलों और महिलाओं के साथ अपराध करने वालों की कमर तोड़ी, वैसे ही हर जनपद की पुलिस अभियान चलाती रहे।

कहीं भी महिलाओं के साथ कोई आपराधिक घटना हुई तो संबंधित बीट इंचार्ज, चौकी इंचार्ज, थाना प्रभारी और सीओ जिम्मेदार होंगे।

बता दें कि ये काम उसी तर्ज पर किया जाएगा जैसे नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले आरोपियों के पोस्टर शहरों के प्रमुख चौराहों पर लगाए गए थे।

यह भी पढ़ें- अमेरिका में पढ़ाई कर रही होनहार छात्रा की यूपी में छेड़खानी के दौरान दर्दनाक मौत, मिली थी 3.80 करोड़ की स्कॉलरशिप