सीएम योगी ने मैनपुरी को दी 412 करोड़ की सौगात, सिंधिया परिवार को लेकर कही ये बात

सिंधिया परिवार
कार्यक्रम को संबोधित करते सीएम योगी।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ/मैनपुरी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को मैनपुरी पहुंच कर 412 करोड़ की योजनाओं व विकास कार्यों का तोहफा दिया। साथ 173 करोड़ से अधिक विकास परियोजनाओं का शिलान्यास-लोकार्पण किया। इस दौरान सीएम योगी ने कहा कि सरकार मैनपुरी का विकास करा रही है। साथ ही जनता का आभार जताते हुए कहा कि निकाय चुनाव में समर्थन देने के लिए मैं जनता का आभारी हूं।

इस दौरान सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बीते छह वर्ष में एयर कनेक्टिविटी बढ़ी है। प्रदेश में 54 लाख लोगों को आवास दिया। हर गांव में बिजली पहुंचाई। एक करोड़ परिवारों को पेंशन दे रहे हैं। सीएम योगी ने कहा कि धीरे-धीरे विकास की लहर हर एक घर तक पहुंच रही है। इस अवसर पर योगी ने मैनपुरी में दिवंगत केंद्रीय मंत्री माधवराव सिंधिया की मूर्ति का अनावरण किया।

वहीं योगी ने आगे कहा कि मैनपुरी में चौराहा माधवराव सिंधिया के नाम पर है और आज उनकी प्रतिमा की स्थापना करने का अवसर हमें मिला है। माधवराव सिंधिया का जो स्मारक बना है, वह छोटा है। उसे भव्य और सुंदर बनाने का काम किया जाएगा। यहां के सभी जनप्रतिनिधि प्रशासन के साथ ये कार्य कराएंगे। आगे कहा कि माधवराव सिंधिया नौ बार सांसद रहें। उन्होंने अपने हर मंत्रालय के क्रांतिकारी सुधार किए थे। भारतीय रेल आज भी उनको स्मरण करती है। उनका नाम भारत के इतिहास में स्वर्णाक्षरों में अंकित है। शताब्दी रेल की शुरुआत माधवराव सिंधिया ने ही की।

यह भी पढ़ें- किसानों के परिश्रम से यूपी बन रहा देश में आर्थिक महाशक्ति: योगी आदित्यनाथ

सीएम योगी ने कहा कि माधवराव सिंधिया ने हमेशा सकारात्मक राजनीति की। एक दुखद घटना ने उनको हमसे छीन लिया था। आज हम सबके लिए भावुक क्षण है। हम भारत के एक सपूत को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। जब वो हादसा हुआ था, तब हर भारतवासी ने दुख अनुभव किया था। हमने एक बेहतरीन नेता खो दिया था। इतना ही नहीं सिंधिया परिवार का भारतीय राजनीति में अहम योगदान रहा है। राम जन्मभूमि आंदोलन में राजमाता विजया राजे सिंधियाजी का योगदान सबको याद है। उसके लिए ग्वालियर राजघराने ने ही मदद दी थी। आज प्रधानमंत्री के मार्ग निर्देशन में अयोध्या में भव्य मंदिर बन रहा है। आने वाला इतिहास अयोध्या को उसकी भव्यता के लिए जानेगा।

यह भी पढ़ें- CM योगी ने की खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स की तैयारियों पर चर्चा, कहा भव्य आयोजन से UP की बने अनुपम छवि