कांग्रेस के स्थापना दिवस पर सोनिया गांधी ने साधा बीजेपी पर निशाना, हमारी विरासत गंगा-जमुना संस्कृति को मिटाने की हो रही नापाक कोशिश

कांग्रेस के स्थापना दिवस

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। कांग्रेस के स्थापना दिवस के मौके पर मंगलवार को पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने संदेश जारी कर कहा, हमारे प्यारे देशवासियों और कांग्रेस के जांबाज साथियों, आज हम सब 136 साल पुरानी अपनी कांग्रेस का स्थापना दिवस पूरे देश में बड़े व्यापक रूप से मना रहे हैं। कांग्रेस केवल एक राजनीतिक पार्टी का ही नाम नहीं है, बल्कि एक आंदोलन का नाम कांग्रेस पार्टी है। कांग्रेस की स्थापना किन परिस्थितियों में हुई, यह मुझे बताने की जरूरत नहीं है।

सोनिया गांधी ने कहा, आजादी के आंदोलन में कांग्रेस और उसके तमाम नेताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, संघर्ष किया, जेलों में कठोर यातनाएं झेलीं और बहुत से देश भक्तों ने अपने प्राणों तक का बलिदान दिया, तब जाकर कहीं हमें आजादी मिली। आजादी के बाद हमें जो भारत मिला उसकी कल्पना करना कठिन है, लेकिन हमारे महान नेताओं ने बड़ी सूझबूझ और दृढ़ निश्चय के साथ भारत के नव-निर्माण की एक मजबूत बुनियाद रखी, जिसपर चलकर हमने एक सशक्त भारत खड़ा कर दिया। एक ऐसा भारत जिसमें सभी देशवासियों के अधिकारों और हितों का ध्यान रखा गया।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस युवाओं को बनाएगी यूपी की आवाज, अभियान की शुरूआत कर बोले नसीमुद्दीन नसीमुद्दीन, संविधान को कमजोर कर रही BJP
इस दौरान भाजपा पर निशाना साधते हुए सोनिया गांधी ने कहा, जिन लोगों ने आजादी के आंदोलन में भागीदारी नहीं दिखाई, वह इसकी कीमत कभी नहीं समझ सकते। सोनिया ने आरोप लगाते हुए कहा, आज भारत की उस मजबूत बुनियाद को कमजोर करने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा, इतिहास को झुठलाया जा रहा है। हमारी विरासत गंगा-जमुना संस्कृति को मिटाने की नापाक कोशिश हो रही है। देश का आम नागरिक असुरक्षित और भयभीत महसूस कर रहा है। लोकतंत्र और संविधान को दरकिनार कर तानाशाही चलाई जा रही है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने संदेश में आगे कहा, ऐसे वक्त में कांग्रेस चुप नहीं रह सकती। देश की विरासत को किसी को भी नष्ट करने की इजाजत नहीं देगी। आम जनमानस के लिए, लोकतंत्र की रक्षा के लिए, देश विरोधी, समाज विरोधी साजिशों के खिलाफ हर संभव संघर्ष करेगी, हर कुर्बानी देगी। आज के इस ऐतिहासिक अवसर पर एक-एक कांग्रेस जन को यही संकल्प लेना है और कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाना है। इन्हीं शब्दों के साथ आप सभी को कांग्रेस के स्थापना दिवस पर और आने वाले नववर्ष की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं।
यह भी पढ़ें- केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा की बर्खास्‍तगी की मांग को लेकर कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा तक निकाला मार्च, पत्रकारों से अभद्रता वाले Video पर कहा, आपराधिक प्रवृत्ति का हुआ खुलासा