कांग्रेस ने कन्हैयालाल हत्याकांड के आरोपित रियाज अटारी को बताया भाजपा कार्यकर्ता, मांगा जवाब

कांग्रेस का पलटवार
प्रेसवार्ता में बोलते कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा।

आरयू वेब टीम। उदयपुर में टेलर कन्हैयालाल की निर्मम हत्या और उसका वीडियो वायरल होने के बाद राजनीतिक पार्टियों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। हाल ही में भाजपा ने कांग्रेस सरकार पर तुष्टिकरण का आरोप लगाया था, जिसपर पलटवार करते हुए कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधते हुए गंभीर आरोप भी लगाए हैं। कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने उदयपुर हत्याकांड के आरोपित को भाजपा कार्यकर्ता बताया है।

कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने आज दिल्ली में एक प्रेसवार्ता कर कहा, ‘देश पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है, मुंह में राष्ट्रवाद, बगल में छुरी! उदयपुर में कन्हैयालाल के हत्यारे रियाज अटारी के संबंध भाजपा नेताओं के साथ सामने आए हैं। रियाज भाजपा के वरिष्ठ नेता गुलाबचंद कटारिया के अनेक कार्यक्रमों में शामिल होता था। भाजपा नेता इरशाद चयनवाला और ताहिर ने सोशल मीडिया पर रियाज अटारी को भाजपा कार्यकर्ता बताया है।

यह भी पढ़ें- कन्हैयालाल के घर पहुंचे CM अशोक गहलोत, पीड़ित परिवार को सौंपा 51 लाख रुपये का चेक, दोनों बेटों को सरकारी नौकरी भी देने का किया ऐलान

उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि आखिर माजरा क्या है? पुलवामा पर सवाल उठे कि साढ़े तीन सौ किलो आरडीएक्स कहां से आए? डीएसपी देवेंद्र सिंह की जांच नहीं हुई! माजरा क्या है? उन्होंने आगे कहा कि फेसबुक पोस्ट साबित करता है कि कन्हैयालाल का हत्यारा आतंकी रियाज अटारी भाजपा का सक्रिय सदस्य है, आज शाम तक भाजपा को इस पर जवाब देना चाहिए।

वहीं पवन खेड़ा ने कहा कि भाजपा कांग्रेस पर आरोप लगाती है, लेकिन आज जो कन्हैयालाल के हत्यारे मोहम्मद रियाज को लेकर जो खुलासा हुआ है, उसके बाद अगर यह सवाल उठता है कि कांग्रेस सवाल क्यों उठाती है, जो माफ कीजिए, इस देश में फिर बहुत कुछ गलत हो रहा है।

यह भी पढ़ें- सुप्रीम कोर्ट ने कहा, नूपुर शर्मा को सारे देश से मांगनी चाहिए माफी, जो हो रहा उसके लिए वो अकेले जिम्मेदार