कांग्रेस के महाधिवेशन में बोलीं सोनिया गांधी, “BJP-RSS की सरकार ने किया संस्‍थाओं पर कब्‍जा, भड़काई जा रही नफरत की आग”

सोनिया गांधी
महाअधिवेशन में बोलतीं सोनिया गांधी।

आरयू वेब टीम। रायपुर में कांग्रेस के 85वें महाधिवेशन में पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने शनिवार को मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। पूर्व अध्‍यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ‘भाजपा-आरएसएस’ की सरकार ने सभी संस्थाओं पर कब्जा कर लिया है। मौजूदा माहौल में देश में लोकतंत्र को खतरा पैदा हो गया है। बीजेपी सरकार संविधान की आत्मा पर चोट कर रही है।

निशाना साधते हुए सोनिया गांधी ने कहा कि विपक्ष की आवाज दबाने के साथ नफरत की आग भड़काई जा रही है। भाजपा देश में नफरत फैला रही है। अल्पसंख्यकों, दलितों, आदिवासियों और महिलाओं को निशाना बनाया जा रहा है।

वहीं अध्यक्ष के तौर पर अपनी पारी का उल्लेख करते हुए सोनिया गांधी ने कहा, “यह मेरे लिए सम्मान की बात थी कि मैंने वर्ष 1998 में कांग्रेस अध्यक्ष पद संभाला। 25 वर्षों में पार्टी ने कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की और निराशा भी हाथ लगी।” उन्होंने कहा कि यह बहुत सुखद स्थिति है कि अध्यक्ष के तौर पर उनकी पारी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के साथ पूरी हुई।

सोनिया ने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, “भारत जोड़ो यात्रा ने साबित कर दिया है कि भारत के लोग सद्भाव, सहिष्णुता और समानता चाहते हैं। यात्रा ने सभी को दिखा दिया है कि कांग्रेस लोगों के साथ खड़ी है और उनके लिए लड़ने के लिए तैयार है। “सोनिया गांधी ने आज भारत जोड़ो यात्रा के नेतृत्व के लिए अपने बेटे और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भी तारीफ की।

यह भी पढ़ें- प्रियंका का आरोप, प्रधानमंत्री मोदी व उनके मित्र के बीच की सांठगांठ पर उठ रही आवाजों पर लगा दी गई एजेंसियां

वहीं सोनिया गांधी ने कहा, “2004 और 2009  लोकसभा चुनावों में कांग्रेस के प्रदर्शन के साथ-साथ डॉ. मनमोहन सिंह का प्रधानमंत्री के तौर पर नेतृत्व व्यक्तिगत तौर पर मेरे लिए संतोषजनक रहा। इसके लिए पार्टी कार्यकर्ताओं का मुझे पूरा सहयोग मिला। भारत जोड़ो यात्रा के साथ अब मेरी राजनीतिक पारी समाप्त हो सकती है और मुझे इस बात की सबसे अधिक संतुष्टि है, क्योंकि यह पार्टी के लिए एक महत्वपूर्ण मोड़ साबित हुई।”

यह भी पढ़ें- अडानी पर आरोपों की जांच की मांग को लेकर कांग्रेस ने किया देशभर में प्रदर्शन, राहुल बोले, मोदी सरकार नहीं होने दे रही इस पर सदन में चर्चा