प्रियंका का आरोप, प्रधानमंत्री मोदी व उनके मित्र के बीच की सांठगांठ पर उठ रही आवाजों पर लगा दी गई एजेंसियां

सांठगांठ
प्रियंका गांधी। (फाइल फोटो)

आरयू वेब टीम। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने मंगलवार को केंद्र और पीएम मोदी पर जोरदार हमला बोला है। प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के अधिवेशन को बाधित करने और अडानी मामले से ध्यान भटकाने के लिए छत्तीसगढ़ में छापेमारी की जा रही है। पीएम मोदी और उनके मित्र के बीच की सांठगांठ पर उठ रही आवाजों पर एजेंसियां लगा दी गई हैं।”

प्रियंका गांधी ने आज अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से ट्वीट कर कहा कि प्रधानमंत्री जी के मित्र गौतम अडानी पर शेल कंपनियों के जरिए घपला व अन्य कई गंभीर आरोप लगे, लेकिन क्या आपको कोई भी एजेंसी इसकी जांच करते दिखी? लेकिन कांग्रेस अधिवेशन में अड़ंगा डालने व मोदी जी और उनके मित्र के बीच की सांठगांठ पर उठ रही आवाजों पर एजेंसियां लगा दी गई हैं।

अपने दूसरे ट्वीट में प्रियंका ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस निडर होकर देश के मुद्दों पर आवाज उठाती रहेगी। कांग्रेस अधिवेशन में हम महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के खिलाफ बुलंद आवाज उठाने का संकल्प लेंगे। कठपुतली एजेंसियों का डर दिखाकर आप देश की आवाज को दबा नहीं सकते।

वहीं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश सिंह बघेल ने भी ट्वीट कर भाजपा पर निशाना साथा। सीएम बघेल ने सोशल मीडिया पर शायराना अंदाज में लिखा, “लाख हों रोकने की कोशिशें, हम सफल होंगे। सच के आगे इनके सब षड्यंत्र विफल होंगे।” उन्होंने अगे लिखा, “85वां महाधिवेशन कांग्रेस के लिए तो ऐतिहासिक है ही, लेकिन इसकी सफलता भाजपा भी आसानी से नहीं भुला पाएगी।”

यह भी पढ़ें- अडानी पर आरोपों की जांच की मांग को लेकर कांग्रेस ने किया देशभर में प्रदर्शन, राहुल बोले, मोदी सरकार नहीं होने दे रही इस पर सदन में चर्चा

बता दें कि रायपुर में होने वाले कांग्रेस के महाधिवेशन से पहले छत्तीसगढ़ में कांग्रेस नेताओं से जुड़े परिसरों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने छापा मारा। कांग्रेस का आरोप है कि मोदी सरकार भारत ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की सफलता और अडानी की सच्चाई उजागर होने से निराश है। यह छापेमारी ध्यान भटकाने की कोशिश है। देश सच जानता है।

यह भी पढ़ें- अडानी जांच मामले में सुप्रीम कोर्ट की मोदी सरकार को दो टूक, सीलबंद लिफाफे में नहीं स्वीकार करेंगे कमेटी सदस्यों के नाम