आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मानहानी केस में बयान दर्ज कराने आज सुल्तानपुर पहुंचे। जहां कोर्ट में पेश हुए राहुल गांधी करीब 20 मिनट तक अदालत के अंदर रहकर बयान दर्ज कराया। मामले की अगली सुनवाई नौ मार्च को होगी। ये मामला केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ की गई कथित अभद्र टिप्पणी से जुड़ा हुआ है।
कोर्ट में राहुल गांधी सीआरपीसी की धारा 313 के तहत अपना बयान दर्ज कराया। इस मामले में वादी भाजपा नेता विजय मिश्रा और दो गवाहों के साथ जिरह पूरी हो चुकी है। कोर्ट ने 20 फरवरी तक का समय दिया था। दरअसल राहुल गांधी सुबह करीब 9:30 बजे दिल्ली से लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचे और वहां से सुल्तानपुर के लिए रवाना हो गए। राहुल के लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
वहीं मीडिया ने राहुल ने बातचीत की कोशिश की, लेकिन वे हाथ हिलाते हुए सीधे गाड़ी में बैठे और रवाना हो गए। इस दौरान दीवानी न्यायालय की सुरक्षा व्यवस्था काफी कड़ी रही। इससे पहले डॉग स्क्वायड ने परिसर की तलाशी ली। सुरक्षा में किसी तरह की चूक नहीं हो, इसके लिए एक एएसपी व चार सीओ समेत भारी पुलिसबल को तैनात रहे।
बता दें कि ये केस करीब आठ साल पुराना है। जहां कर्नाटक में राहुल गांधी द्वारा केंद्रीय मंत्री अमित शाह पर अपमान जनक टिप्पणी का आरोप है। इसे लेकर जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष व भाजपा नेता विजय मिश्र ने राहुल गांधी के विरुद्ध दीवानी में मानहानि का परिवाद दायर किया था। इस मामले को लेकर सुनवाई चल रही है।
यह भी पढ़ें- लखनऊ: हाईकोर्ट से राहुल गांधी को मिली राहत, चुनाव लड़ने से रोकने की याचिका हुई खारिज
इस मामले में राहुल गांधी 26 जुलाई 2024 को पेश हुए थे। फिर उसके बाद से वह सुनवाई की तारीख के दिन अनुपस्थित होते रहे। कोर्ट ने नेता प्रतिपक्ष के वकील काशी शुक्ला को चेतावनी देते हुए कहा था कि यह आखिरी मौका है, इसके बाद कड़ी कार्रवाई की जाएगी19 जनवरी को जब वह हाजिर नहीं हुए तो अदालत ने उन्हें 20 फरवरी को व्यक्तिगत रूप से पेश होने का आदेश दिया था।
यह भी पढ़ें- UP: अमित शाह मानहानि केस में MP-MLA कोर्ट में पेश हुए राहुल गांधी को राहत, मिली बेल




















