कांग्रेस में शामिल हुए बसपा के पूर्व कैबिनेट मंत्री नकुल दुबे

कांग्रेस में नकुल दुबे
नकुल दुबे को कांग्रेस में शामिल करतीं प्रियंका गांधी।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ/दिल्‍ली। बसपा सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे नकुल दुबे गुरुवार को दिल्ली में कांग्रेस में शामिल हुए। नकुल दुबे यूपी की सियासत में ब्राह्मण चेहरे के तौर पर जाने जाते हैं, जिसके सहारे बसपा ने 2007 में ब्राह्मण- दलित गठजोड़ से सत्ता हासिल की थी। पेशे से अधिवक्ता नकुल दुबे की उत्तर प्रदेश के प्रबुद्ध जनों के बीच भी गहरी पैठ मानी जाती है।

जानकारी के मुताबिक कुछ दिनों पहले नकुल दुबे ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी से दिल्ली में मुलाकात की थी। उत्तर प्रदेश में ब्राह्मणों के प्रमुख चेहरे के तौर पर जाने जाने वाले नकुल दुबे ने भाईचारा कमेटियों का संयोजन कर मायावती को सत्ता दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। नकुल दुबे के अलावा यूपी की सियासत के कई चेहरे कांग्रेस के सम्पर्क में बताए जा रहे है। सूत्रों के मुताबिक इसमें सपा और बसपा के कई बड़े नेता है। इस पूरी कवायद को 2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस में शामिल हुईं कोरोनाकाल के नायक सोनू सूद की बहन मालविका, विधानसभा चुनाव में इस सीट से आजमाएंगी किस्मत

हाल में संपन्न उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के बाद बसपा सुप्रीमो मायावती ने नकुल दुबे को अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में पार्टी से निष्कासित कर दिया था। उन पर पार्टी में अनुशासनहीनता अपनाने और पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने के कारण ये कदम उठाया गया था मायावती ने दुबे के निष्कासन की घोषणा अपने ट्विटर हैंडल से की थी।

यह भी पढ़ें- बसपा से निष्कासन के बाद पूर्व कैबिनेट मंत्री नकुल दुबे का मायावती पर तंज, अच्‍छा हुआ मुझे कर दिया मुक्‍त