पूर्व मंत्री का दावा, क्रिकेट से संन्यास लेकर BJP के साथ नई पारी की शुरूआत करेंगे धोनी

धोनी
अमित शाह के साथ महेंद्र सिंह धोनी। (फाइल फोटो)

आरयू वेब‍ टीम। इंडिया के वर्ल्‍ड कप से बाहर होने और महेंद्र सिंह धोनी के खेल को लेकर हो रही चर्चाओं के बीच अब एक नई बात सामने आयी है। भारतीय क्रिकेट टीम के बल्‍लेबाज व विकेटकीपर महेंद्र सिहं धोनी अब राजनीतिक पिच पर अपनी नई पारी शुरू कर सकते हैं।

पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता संजय पासवान के अनुसार धोनी जल्द ही क्रिकेट से संन्यास लेकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे। पासवान ने यह दावा किया कि उनकी इस संबंध में धोनी से कई बार मुलाकात और बातचीत हो चुकी है। एक निजी चैनल से बातचीत करते हुए भाजपा नेता ने यह दावा किया है।

पासवान ने अपने एक बयान में कहा है कि क्रिकेट के जरिए धोनी ने देश की काफी सेवा कर ली है और अब वो समाज और देश की सेवा के लिए राजनीति में आने जा रहे हैं। हालांकि पूर्व कैबिनेट मंत्री ने ये भी कहा है कि धोनी ने इस बारे में अभी कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है।

यह भी पढ़ें- करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों का दिल टूटा, वर्ल्‍ड कप के सेमीफाइनल में न्‍यूजीलैंड से हारकर बाहर हुई टीम इंडिया

उल्‍लेखनीय है कि लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने भी संपर्क फार समर्थन अभियान के तहत मुलाकात की थी। इस दौरान उनके साथ केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल भी मौजूद थे। उस दौरान भी धोनी के भाजपा में शामिल होने की अटकलें खूब तेज हुई थी।

यहां बताते चलें कि कुछ समय पहले ही भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ओपनर गौतम गंभीर भाजपा का दामन थाम कर लोकसभा चुनाव लड़ा और पूर्वी दिल्ली संसदीय क्षेत्र से चुनकर संसद पहुंच चुके हैं।

यह भी पढ़ें- MS धोनी ने छोड़ी T-20 और वनडे की कप्‍तानी