आरयू वेब टीम। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुए हमले के कुछ दिन बाद शुक्रवार को एक बार फिर कार्यक्रम में हंगामा हो गया। एक व्यापारी ने उनके कार्यक्रम में नारेबाजी कर माहौल खराब किया, हालांकि पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पुलिस की पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति ने खुद को भाजपा कार्यकर्ता बताया।
इस संबंध में डीसीपी शाहदरा ने बताया कि अजीत नगर में टीवी केबल का व्यवसाय करने वाले और पिछले 40 सालों से भाजपा कार्यकर्ता होने का दावा करने वाले प्रवीण शर्मा नामक एक व्यक्ति है। जो आज गांधी नगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक अरविंदर सिंह लवली के खिलाफ नारे लगाए, जब विधायक उस कार्यक्रम में जनता को संबोधित कर रहे थे जहां मुख्यमंत्री भी मौजूद थी। प्रवीण शर्मा एक गली में बैरिकेड्स के पीछे थे, जहां उन्हें तुरंत पकड़ लिया गया और वहां से हटा दिया गया। किसी भी समय वीआईपी की सुरक्षा में कोई चूक नहीं हुई।
दरअसल जनसुनवाई के दौरान हुए हमले के बाद रेखा गुप्ता पहली बार लोगों के बीच पहुंची थीं। इस बार उनकी सुरक्षा बढ़ी हुई थी। गांधी नगर में अशोक बाजार एसोसिएशन के 50 साल पूरे होने के कार्यक्रम में वह पहुंची थीं। उनकी सुरक्षा पहले की तुलना में बहुत ज्यादा बढ़ी हुई थी। उनकी सुरक्षा में सीआरपीएफ, दिल्ली पुलिस और त्रिपुरा पुलिस के जवान शामिल थे। मंच के बाद सुरक्षा के लिए डी एरिया भी बनाया गया था, जिसमें दर्जनों सुरक्षा कर्मी मौजूद थे।
यह भी पढ़ें- DTC बसों में दूसरे राज्यों की महिलाओं के फ्री सफर पर भाजपा सरकार ने लगाया रोक, दिल्ली की महिलाओं को भी दिखाना होगा आधार कार्ड, सीएम रेखा गुप्ता ने किया ऐलान
मालूम हो कि इससे दो दिन पहले बुधवार को जनसुनवाई के दौरान एक व्यक्ति ने रेखा गुप्ता पर हमला कर दिया था। हमले के आरोपित को दिल्ली पुलिस ने पकड़ लिया है और पूछताछ की। पूछताछ के बाद गुजरात जाकर भी कुछ लोगों को पकड़ा गया है। इन लोगों ने दिल्ली की मुख्यमंत्री पर हमला करने वाले व्यक्ति को पैसे दिए थे।




















