दिल्ली में ठंड की दस्तक, 10.8 डिग्री लुढ़का पारा, सीजन का सबसे कम तापमान हुआ रिकॉर्ड

दिल्ली में ठंड
फाइल फोटो।

आरयू वेब टीम। नवंबर शुरू होते ही मौसम ने करवट लेते हुए अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। राजधानी दिल्ली में सोमवार को पारा लुढ़ककर 10.8 डिग्री सेल्सियस हो गया जो अब तक का इस सीजन का सबसे कम तापमान है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) ने यह जानकारी दी। आइएमडी के अधिकारियों के अनुसार सामान्यत: सफदरजंग वेधशाला नवंबर के पहले सप्ताह में न्यूनतम तापमान 14-16 डिग्री दर्ज करती है और आखिरी सप्ताह में पारा 11-12 डिग्री तक नीचे जाता है। यह वेधशाला शहर का मौसम आंकड़ा देती है।

आइएमडी के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने मीडिया को बताया कि दिल्ली में बादलों की गैर मौजूदगी के चलते निम्न न्यूनतम तापमान का रूख नजर आ रहा है। दरअसल बादल लौट रही कुछ इंफ्रारेड विकिरणों को सोख लेते हैं और उसे वापस धरती पर भेजे देते हैं जिससे धरातल गर्म रहता है। श्रीवास्तव ने कहा कि पहाड़ों पर बहुत अधिक बर्फबारी हुई नहीं है, इसलिए उस क्षेत्र की ठंडी हवा का दिल्ली के मौसम पर असर पड़ना अभी बाकी है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण पर अरविंद केजरीवाल की जनता से अपील, ट्रैफिक सिग्नल पर बंद रखें वाहन

निजी मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमैट वैदर के मौसम वैज्ञनिक के अनुसार दरअसल मजबूत पश्चिम विक्षोभ से नम हवा चलने लगती है लेकिन उसकी गैरमौजूदगी भी सामान्य से नीचे न्यूनतम तापमान की वजह है। उन्होंने कहा कि फिलहाल शुष्क और ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवा चल रही है तथा न्यूनतम तापमान के सप्ताहांत तक दस डिग्री के नीचे पहुंचने की आशंका है क्योंकि अगले दस दिनों तक मजबूत पश्चिम विक्षोभ की संभावना नहीं है।

रविवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।, इससे पहले अक्तूबर के दौरान भी तापमान में गिरावत दर्ज की गई है। आइएमडी के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी में अक्टूबर 58 सालों में सबसे ठंडा महीना रहा था।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में गंभीर श्रेणी में पहुंचा वायु प्रदूषण, AQI पहुंचा 400 से भी ऊपर