#FarmersProtest: बोले राहुल, मोदी सरकार की क्रूरता के खिलाफ डटकर खड़ा किसान, प्रियंका ने भी साधा निशाना

कृषि कानून

आरयू वेब टीम। केंद्र सरकार के कृषि कानून के विरोध में प्रदर्शन कर रहे किसानों पर पुलिस द्वारा पानी की बौछार व आंसू गैस के गोले दागने को लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी व प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार पर निशाना साधा है। राहुल ने प्रदर्शन कर रहे किसानों पर ठंड में पानी की बौछार करने को अन्याय बताते हुए कहा कि मोदी सरकार की क्रूरता के खि‍लाफ देश का किसान डटकर खड़ा है।

कांग्रेस के पूर्व अध्‍यक्ष ने सोशल मीडिया के माध्‍यम से किसानों के विरोध प्रदर्शन का वीडियो शेयर करते हुए किसानों पर एक काविता पोस्‍ट कर कहा कि मोदी सरकार की क्रूरता के खि‍लाफ देश का किसान डटकर खड़ा है।

यह भी पढ़ें- कृषि कानून के विरोध में दिल्ली कूच कर रहे किसानों व पुलिस के बीच झड़प, आंसू गैस के दागे गोले

वहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी अपने अधिकारी सोशल मीडिया अकांउट से ट्वीट कर कहा कि “किसानों से समर्थन मूल्य छीनने वाले कानून के विरोध में किसानों की आवाज सुनने की बजाय भाजपा सरकार उन पर भारी ठंड में पानी की बौछार मारती है। किसानों से सबकुछ छीना जा रहा है और पूंजीपतियों को थाल में सजा कर बैंक, कर्जमाफी, एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन बांटे जा रहे हैं।”

वहीं कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि न्याय मांगते किसानों के सीने पर पड़ने वाली लाठियां भाजपा राज के कफन में आखिरी कील साबित होंगी और जीत अन्नदाता की ही होगी। उन्होंने कहा “भीषण ठंड के बीच अपनी जायज मांगों को लेकर गांधीवादी तरीके से दिल्ली जा रहे किसानों को जबरन रोकना और वाटर कैनन चलाना मोदी-खट्टर सरकार की तानाशाही का जीवंत प्रमाण है। किसान विधेयकों को लेकर कांग्रेस का समर्थन किसानों के साथ है।”

यह भी पढ़ें- किसानों के बकाये, न्‍यूनतम समर्थन मूल्‍य पर फसल खरीद समेत इन मांगों को लेकर कांग्रेस ने किया प्रदर्शन