किसानों के बकाये, न्‍यूनतम समर्थन मूल्‍य पर फसल खरीद समेत इन मांगों को लेकर कांग्रेस ने किया प्रदर्शन

न्‍यूनतम समर्थन मूल्‍य
प्रदर्शन करते कांग्रेस के नेता व कार्यकर्ता।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। किसानों की धान की फसल की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर करने, लखनऊ के बंद पड़े धान क्रय केंद्रों को तत्काल खोलने समेत अन्‍य मांगों को लेकर गुरुवार को कांग्रेस ने जिला कलेक्‍ट्रेट पर प्रदर्शन किया।

धरना दे रहे कांग्रेस कार्यकर्ता ने इस दौरान मलिहाबाद क्षेत्र में धान की खरीद के लिए नया क्रय केंद्र स्थापित करने, नमी के नाम पर धान उत्पादक किसानों की मनमानी कटौती बंद करने, गन्ना किसानों के बकाये का भुगतान करने, निजी नलकूपों के लिए बिजली की कीमतों में की गयी बढ़ोत्तरी को सरकार द्वारा तत्काल वापस लेकर पुरानी व्यवस्था बहाल करने और छुट्टा पशुओं के चलते हो रहे किसानों के नुकसान को रोकने की मांग को भी उठाया।

यह भी पढ़ें- प्रियंका का योगी सरकार पर निशाना, UP में MSP गारंटी के बावजूद 800 रुपए से कम में धान बेचने को मजबूर किसान

इस दौरान धरने का नेतृत्‍व करने वाले महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुकेश सिंह चौहान ने कहा कि उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों की भांति लखनऊ के हमारे अन्नदाता किसानों को भी उपरोक्‍त समस्याओं से जूझना पड़ रहा है, जिसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। किसानों का हित पार्टी के लिए सर्वोपरि है और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कांग्रेस बार-बार सड़कों पर संघर्ष करती रहेगी। धरने के बाद प्रदर्शनकारियों ने किसानों की समस्‍याओं सें संबंधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को सौंपा।

यह भी पढ़ें- पत्‍नी के छोड़कर जाने के गम में युवक ने खुद को गोली मारकर दी जान, नौ साल पहले की थी लव मैरिज

प्रदर्शन के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी लखनऊ के अध्यक्ष वेद प्रकाश त्रिपाठी, पूर्व विधायक श्याम किशोर शुक्ला, वीरेंद्र मदान, लखनऊ प्रभारी रमेश शुक्ला, डॉ. शहजाद आलम, महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव नंदिता हुड्डा, नरेंद्र गौतम, इस्लाम अली, आरबी सिंह, रईस अहमद, संजय शर्मा, सिद्धिश्री, विकास सक्सेना व अन्‍य कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।