प्रियंका का योगी सरकार पर निशाना, UP में MSP गारंटी के बावजूद 800 रुपए से कम में धान बेचने को मजबूर किसान

पेपल लीक
फाइल फोटो।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। किसानों के मुद्दे को लेकर बुधवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने योगी सरकार पर निशाना साधा है। प्रियंका ने आज एक वीडियो शेयर कर सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब एमएसपी की गारंटी है तो यूपी में किसान धान को 800 रुपए कम दाम में बेचने को मजबूर हैं, जब एमएसपी की गारंटी खत्म हो जाएगी तो क्या होगा?

प्रियंका गांधी ने आज अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से एक वीडियो पोस्‍ट कर ट्वीट में कहा कि भाजपा सरकार किसानों का हक मारने वाले बिलों पर सरकारी खाट सम्मेलन तो कर रही है, लेकिन किसानों का दर्द नहीं सुन रही। यूपी में लगभग सभी जगहों पर किसान अपना धान 1868 रू/क्विंटल एमएसपी से 800 रू कम 1000-1100रू/क्विंटल पर बेचने को मजबूर हैं। ऐसा तब है जब एमएसपी की गारंटी है। सोचिए जब एमएसपी की गारंटी खत्म हो जाएगी तब क्या होगा?

यह भी पढ़ें- यूपी विधानसभा उपचुनाव में राहुल-प्रियंका संभालेंगे कांग्रेस की कमान, स्‍टार प्रचारकों की लिस्‍ट जारी, इन नेताओं को भी मिली जगह

मालूम हो कि प्रियंका महासचिव ने इससे पहले भी धान किसानों की समस्या उठाई थी। उन्होंने ट्वीट कर कहा था कि यूपी के धान किसान बेहद परेशान हैं। धान की खरीद बहुत कम हो रही है। जो थोड़ी सी खरीद हो रही है उसमें रु 1200 से भी कम रेट मिल रहा है। यही धान कांग्रेस सरकार में रु 3,500 तक बिका था। नमी के नाम पर किसानों का शोषण हो रहा है। शायद पहली बार ऐसा है कि धान गेंहू से सस्ता बिक रहा है।

प्रियंका ने कहा कि ऐसे में तो किसान की लागत भी नहीं निकलेगी। किसान अगली फसल कैसे लगाएगा? बिजली बिल में लूट चल ही रही है। मजबूरन किसान कर्ज के जाल में फंसता जाएगा। उप्र सरकार तुरंत इसमें हस्तक्षेप कर किसान को सही दाम दिलाए वरना कांग्रेस पार्टी आंदोलन करेगी।

यह भी पढ़ें- प्रियंका का मोदी सरकार से सवाल, अगर ये बिल किसान हितैषी, तो इसमें MSP का क्‍यों नहीं है जिक्र