पदयात्रा के दौरान प्रियंका का BJP व योगी सरकार पर हमला, पहले सच बोलें फिर करें गांधी जी की बात

पदयात्रा
पदयात्रा में प्रियंका के साथ कार्यकर्ताओं का जन सैलाब।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। गांधी जयंती के अवसर पर कांग्रेस ने बुधवार को लखनऊ में पदयात्रा निकाली। इसकी अगुवाई पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी ने की। प्रियंका लखनऊ एयरपोर्ट से सीधे शहीद स्मारक पहुंची। यहां हजारों की संख्या में पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद वह जीपीओ स्थित गांधी प्रतिमा पहुंचीं और गांधी जी को पुष्पांजलि अर्पित कर प्रियंका ने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ मौन पदयात्रा शुरू की।

शहीद स्मारक पर जमा कांग्रेसी कार्यकर्ता के बीच प्रशासन ने प्रियंका को बोलने की अनुमति नहीं दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि हम संघर्ष करते रहेंगे। मीडिया से बात करते हुए प्रियंका ने कहा कि यदि भारतीय जनता पार्टी को गांधी जी के दिखाए सत्य के मार्ग पर चलना है तो पहले उसको सच्चा होना पड़ेगा।

यह भी पढ़ें- चिन्मयानंद केस: शाहजहांपुर से न्याय यात्रा निकालने पर अड़ी कांग्रेस, अजय कुमार लल्‍लू समेत कई नेता गिरफ्तार

प्रियंका ने कहा कि भाजपा को पहले सत्य के मार्ग पर चलना होगा, उसके बाद वह महात्मा गांधी जी की बात करे। उन्होंने योगी सरकार पर निशाना साधते हुआ कहा कि यूपी में महिलाओं और कमजोर लोगों पर अत्याचार हो रहा है। हम महिलाओं पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं।

तेज बुखार में भी प्रियंका ने पूरी की पदयात्रा

गांधी जयंती पर सरकार के खिलाफ कांग्रेस ने शहीद स्मारक से गांधी प्रतिमा जीपीओ तक पदयात्रा की। प्रदेश भर से जुटे कार्यकर्ताओं का नेतृत्व कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा ने किया। प्रियंका को सुबह 11 बजे शहीद स्मारक पहुंचना था, लेकिन वह करीब एक बजे पहुंचीं। यहां पुष्पांजलि अर्पित कर पदयात्रा शुरू की। बताया गया कि प्रियंका को दो दिन से बहुत तेज बुखार है। इसके बावजूद वह तेज रफ्तार से कार्यकर्ताओं के साथ चलीं।

कार्यकर्ताओं का उमड़ा जन सैलाब

गौरतलब है कि लंबे समय के बाद पदयात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जन सैलाब देखा गया। अपने बीच प्रियंका गांधी को पाकर कार्यकर्ताओं में काफी उत्‍साह भी देखने को मिला। वहीं इस पदयात्रा के लिए प्रदेशभर से कांग्रेसी जुटे थें। कार्यकर्ताओं का नेतृत्व खुद राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी संभाल रहीं थीं। इस दौरान कांग्रेस के दिग्‍गज नेता अजय कुमार लल्‍लू, प्रमोद तिवारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद भी मौजूद थे।

यह भी पढ़ें- योगी सरकार पर भड़कीं प्रियंका, महिलाओं को सुरक्षा का भरोसा दिलाने में विफलता का लगाया आरोप

बता दें कि सोनभद्र और उन्नाव की तरह ही शाहजहांपुर कांड पर भी कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। पहले शाहजहांपुर से लखनऊ तक पदयात्रा निकालने का प्रयास किया, जिसे पुलिस प्रशासन ने रोक दिया। मंगलवार को हर जिले में धरना प्रदर्शन की घोषणा की गई, लेकिन अचानक आंदोलन की रूप-रेखा बदल दी गई।

यह भी पढ़ें- राष्ट्रवाद के नाम पर कश्मीर के लोगों की आवाज दबा रही मोदी सरकार: प्रियंका