महाराष्ट्र BJP को तगड़ा झटका, NCP में शामिल होंगे एकनाथ खडसे

एकनाथ खडसे
एकनाथ खडसे,फाइल फोटो।

आरयू वेब टीम। महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी को तगड़ा झटका लगा है। भाजपा के कदावर नेता रहे एकनाथ खडसे ने बुधवार को पार्टी छोड़ दी और शुक्रवार को खडसे शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में शामिल होने जा रहे हैं। महाराष्ट्र में एनसीपी के प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटिल ने इसकी पुष्टि की है।

जयंत पाटिल ने कहा है कि उनको जानकारी मिली है कि आज एकनाथ खडसे ने भाजपा से त्यागपत्र दिया है और शुक्रवार को वे एनसीपी में शामिल होने जा रहे हैं और पार्टी उनका स्वागत करती है। वहीं भारतीय जनता पार्टी ने भी एकनाथ खडसे के त्यागपत्र की पुष्टि की है। महाराष्ट्र भाजपा के मुख्य प्रवक्ता केशव उपाध्याय ने कहा है कि एकनाथ खडसे ने पार्टी से त्यागपत्र दे दिया है और पार्टी ने उनका त्यागपत्र स्वीकार भी किया है। केशव उपाध्याय ने एकनाथ खडसे को एनसीपी में शामिल होने को लेकर शुभकामनाएं भी दी हैं।

एकनाथ खडसे कई दिनों से भारतीय जनता पार्टी से नाराज चल रहे हैं और महाराष्ट्र में पार्टी के नेतृत्व पर कई बार निशाना साध चुके थे। 2019 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने खडसे की जगह उनकी बेटी को टिकट दिया था लेकिन चुनाव में उनकी बेटी भी हार गई थी।

एकनाथ खडसे की गिनती महाराष्ट्र भाजपा के कदावर नेताओं में होती रही है, खडसे जलगांव जिले के मुक्ताईनगर से छह बार भाजपा विधायक रहे हैं। एकनाथ खडसे 1995 की शिवसेना-बीजेपी सरकार में वित्त मंत्री,जलसंपदा मंत्री रहे और इसके बाद 2009 से 2014  विधानसभा के विपक्ष के नेता रहे। 2014 के दौरान जब महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनती तो एकनाथ खडसे के पास उसमें राजस्व मंत्रालय के अलावा करीब दर्जन भर विभागों का कार्यभार था।पुणे के जमीन विवाद में उनका नाम आने की वजह से उन्हें त्यागपत्र देना पड़ा था और तभी से महाराष्ट्र भाजपा के नेताओं से साथ उनकी दाल नहीं गल रही है।

यह भी पढ़ें- पवार को नोटिस पर चुनाव आयोग ने कहा, हमने सीबीडीटी को नहीं दिया कोई निर्देश