कितने ही फीते काट ले भाजपा हमारी ही रहेगी सड़क: अखिलेश

कानून-व्यवस्था की धज्जियां
फाइल फोटो।

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ। पूर्व मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को पार्टी मुखिया पर समाजवादी दलित चेतना साइकिल यात्रा का स्वागत किया। इस दौरान अखिलेश ने भाजपा सरकार के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा और बसपा के साथ आ जाने से प्रधानमंत्री का हाथ घुमाने अंदाज बदल गया है। साथ ही यह भी कहा कि बीजेपी के राज में कानून व्यवस्था-ध्वस्त हो गई है। इसका जवाब जनता चुनाव में देगी।

सपा सुप्रीमो ने पीएम पर चुटकी लेते हुए कहा कि आजकल मैं उनका भाषण नहीं सुनता, बल्कि हाथ चलाने का तरीका देखता हूं। प्रधानमंत्री टेलीप्रॉम्पटर लगाकर भाषण पढ़ते हैं। अगली बार मैं भी इसकी मदद से कई भाषाओं में भाषण दूंगा।

यह भी पढ़ें- बोले अखिलेश, भाजपा सरकार में नहीं है युवाओं का कोई भविष्‍य

वहीं मोदी सरकार द्वारा एक्‍सप्रेस-वे के उद्धाटन पर कटाक्ष करते हुए पूर्व सीएम ने कहा कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार ने न केवल इसे गाजीपुर तक रोक दिया, बल्कि भाजपा ने बलिया को काटा है साथ ही सड़क की गुणवत्‍ता को भी कम किया है। हमारी सरकार आएगी तो हम बलिया को भी जोड़ेंगे। भाजपा कितने भी फीते काट ले सड़क हमारी ही रहेगी।

आत्मविश्वास के साथ झूठ बोलते हैं भाजपाई 

सपा अध्‍यक्ष ने मोदी सरकार पर हमला करतेे हुए कहा कि भाजपा सरकार ने जनता के साथ वादाखिलाफी किया है। अच्छे दिन और सबके खाते में 15 लाख के वादा के नाम पर जनता को गुमराह किया गया। भाजपा मुद्दे से ध्यान हटाना जानती है। इसलिए जनता को भाजपा से सावधान रहना चाहिए। भाजपाई झूठ भी बड़े आत्मविश्वास के साथ बोलते हैं।

यह भी पढ़ें- पूर्वांचल एक्‍सप्रेस-वे का शिलान्यास कर बोले मोदी, मुस्लिम महिलाओं के हक में कांग्रेस डाल रही बाधा

इस दौरान सपा मुखिया ने मोदी के उस बयान पर भी हमला बोला जिसमें उन्‍होंने कांग्रेस को मुस्लिमों की पार्टी कहा था। अखिलेश ने कहा कि प्रधानमंत्री जी कह रहे है कि कांग्रेस मुस्लिम की पार्टी है, मैं कहता हूं कि पार्टी भारतवासियों की होती है न कि किसी धर्म की। जनता आज इंतजार कर रही है, चुनाव की तारीख आए तो हम भाजपा को जवाब दे।

प्रधानमंत्री हमें भी बता दें कब है चुनाव 

समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी लोग अगर साइकिल चलाएंगे तो गुमराह करने वाले लोग कुछ नहीं कर पाएंगे। साइकिल चलाना आसान काम नहीं है। लंबी दूरी तय करने के लिए साइकिल और मुश्किल है, पर समाजवादी साइकिल चलना अच्छे से जानते हैं। भाजपा वाले तो चुनाव प्रचार पर निकले हैं। प्रधानमंत्री हमें भी बता दें कि चुनाव कब हैं, उन्होंने तो पता होगा, लेकिन हम तो चुनाव के लिए तैयार हैं।

इस अवसर पर राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी, पूर्व कैबिनेट मंत्री नरेन्द्र वर्मा और आरके चौधरी, एसआरएस यादव, अरविन्द कुमार सिंह, सुनील सिंह साजन, जावेद आब्दी, विकास यादव, राहुल सिंह, बृजेश यादव, मोहम्‍मद एबाद, प्रदीप तिवारी, दिग्विजय सिंह देव, सर्वेश अम्बेडकर सहित अन्‍य लोग मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- राज्‍यपाल से मिलें सपा के दिग्‍गज, कहा B.ed TET अभ्‍यर्थियों से मुकदमे हटाने के साथ किया जाए सेवायोजित