आरयू ब्यूरो, लखनऊ। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (IWD) के अवसर पर आम आदमी पार्टी ने मार्च निकालते हुए योगी सरकार पर निशाना साधा है। आप की यूपी महिला प्रकोष्ठ द्वारा प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों के विरोध में काली पट्टी बांधकर आयोजित इस मार्च का नेतृत्व करने वाली महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्षा नीलम यादव ने कहा कि नारों व विज्ञापन से बाहर निकलकर योगी आदित्यनाथ को यूपी की बेटियों की सुरक्षा सनिश्चित करना चाहिए।
आप का यह मार्च आम आदमी पार्टी के पार्टी कार्यालय विवेक खंड से शुरू होकर मिठाई लाल चौराहा, गोमती नगर तक निकाला गया। मार्च में योगी सरकार की महिला सुरक्षा को न सिर्फ नकाम बताया, बल्कि महिलाओं की सुरक्षा, त्वरित न्याय तथा अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई।
पुलिस का जरा भी डर नहीं रह गया
इस दौरान नीलम यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर योगी सरकार के दावे पूरी तरह खोखले साबित हो चुके हैं। भाजपा सरकार का ‘जीरो टॉलरेंस’ का नारा केवल कागजी घोषणाओं तक सीमित रह गया है। प्रदेश में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि उन्हें कानून और पुलिस का जरा भी डर नहीं रह गया है। यही वजह है कि आए दिन बेटियों और महिलाओं के साथ छेड़छाड़, दुष्कर्म, अपहरण और हत्या की भयावह घटनाएं सामने आ रही हैं।
मेले से किशोरी का अपहरण कर…
कुछ घटनाओं का उल्लेख करते हुए आप की पदाधिकारी ने कहा कि बुलंदशहर में मेले से किशोरी का अपहरण कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया जाता है, श्रावस्ती में किसान नेत्री की नृशंस हत्या कर दी जाती है, लखनऊ के आलमबाग मेट्रो स्टेशन पर बहनों के साथ खुलेआम छेड़छाड़ की जाती है और विरोध करने पर उन्हें चाकू लेकर दौड़ाया जाता है। मेरठ के भावनपुर में सरेआम छेड़छाड़ और परिवार को धमकियों के कारण एक छात्रा को अपना स्कूल तक छोड़ना पड़ जाता है, वहीं बाराबंकी में एक महिला नेता की हत्या प्रदेश की कानून व्यवस्था की भयावह स्थिति को उजागर करती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का नारा जरूर देती है, लेकिन हकीकत यह है कि इस सरकार में बेटियां न तो अपने घर में सुरक्षित हैं और न ही घर से बाहर निकलने पर। अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि वे हत्या कर शव को टुकड़ों में काटकर जला देने जैसी जघन्य वारदातों को अंजाम दे रहे हैं और सरकार केवल रामराज्य के दावे करती फिर रही है।
योगी आदित्यनाथ की नाक के नीचे…
नीलम यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नाक के नीचे राजधानी लखनऊ में महिलाओं के साथ इस तरह की घटनाएं हो रही हैं, जिससे साफ जाहिर होता है कि प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। जब जनप्रतिनिधि और महिला नेता तक सुरक्षित नहीं हैं, तो आम महिलाओं की सुरक्षा की स्थिति का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। उन्होंने सवाल किया कि क्या यही भाजपा का तथाकथित “महिला सुरक्षा मॉडल” है?
यह भी पढ़ें- योगी सरकार पर निशाना साध AAP ने कहा, यूपी की 25 करोड़ जनता पर होने जा रहा बिजली महाघोटाले के जरिए आर्थिक हमला
मार्च के दौरान महिला प्रदेश महासचिव रेखा जायसवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष पुष्पा, प्रदेश उपाध्यक्ष निशा, प्रदेश सचिव सरिता द्विवेदी, प्रदेश सचिव सुभाषिनी मिश्रा, प्रदेश सचिव जसमित कौर, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य गुड़िया राइन, प्रदेश सचिव आज़मा परवीन, प्रदेश सचिव राजकुमारी यादव, मिथिलेश, शशि नीतू, मंजू अफसाना, रीता भारती, प्रेरणा, सुरभि, नीतू कनौजिया, चांदनी, मीरा व पूजा वर्मा मौजूद रहीं।




















