अरुण जेटली के निधन पर राष्‍ट्रपति, प्रधानमंत्री, सीएम योगी सहित पक्ष-विपक्ष के तमाम दिग्‍गजों ने जताया शोक, कही ये बातें

पक्ष-विपक्ष
अरुण जेटली। (फाइल फोटो)

आरयू वेब टीम। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली का लंबी बीमारी के बाद शनिवार को निधन हो गया। जेटली के निधन पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, पीएम मोदी, यूपी के सीएम योगी आदित्‍यनाथ, ममता बनर्जी और केजरीवाल समेत तमाम पक्ष और विपक्ष के नेताओं व राजनीतिक पार्टियों ने भी गहरा दुख जताया है।

अरुण जेटली के निधन की सूचना मिलने के बाद रामनाथ कोविंद ने सोशल मीडिया के माध्‍यम से ट्वीट कर कहा कि मैं अरुण जेटली के निधन से दुखी हूं। वह शानदार वकील थे और राष्ट्र के निर्माण में उनका बड़ा योगदान था।

यह भी पढ़ें- पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली का 66 साल की उम्र में निधन, एम्‍स ली अंतिम सांस

पीएम नरेंद्र मोदी:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अरुण जेटली के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने कहा कि अरुण जेटली और मेरे बीच काफी घनिष्ट संबंध थे। वह एक तेज तर्रार नेता थे। इमरजेंसी के दौरान लोकतंत्र की रक्षा करने में सबसे आगे खड़े लोगों में शामिल थे। साथ ही वह हमारे पार्टी में सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाले चेहरे में से एक थे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ:

इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अरुण जेटली के निधन पर कहा कि अरुण जेटली जी का जाना देश और समाज की ऐसी अपूरणीय क्षति है जिसकी रिक्तता का अहसास हम लंबे समय तक करते रहेंगे। ईश्वर से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को वे अपने श्री चरणों में स्थान दें और परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी:

वहीं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने जेटली के निधन पर दुख जाहिर किया। उन्होंने कहा कि जेटली उम्दा सांसद और बेहतरीन वकील थे। भारतीय राजनीति में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। दुख की इस घड़ी में मेरी दुआएं उन्हें चाहने वालों, पत्‍नी, बच्चों और दोस्तों के साथ हैं।

सोनिया गांधी व कांग्रेस पार्टी ने जताया शोक:

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने एक बयान में जेटली के निधन पर दुख जताते हुए कहा, ”जेटली ने एक सार्वजनिक व्यक्तित्व, सांसद और मंत्री के रूप में लंबे समय तक सेवाएं दीं। सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।

जबकि जेटली के निधन पर कांग्रेस पार्टी ने भी शोक जताया है। पार्टी ने कहा कि कांग्रेस को अरुण जेटली के निधन की खबर से बहुत दुख हुआ। हमारी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं।

यह भी पढ़ें- दिल्ली की पूर्व CM शीला दीक्षित का 81 वर्ष की उम्र में निधन, PM मोदी समेत तमाम हस्तियों ने जताया शोक

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल:

इसके अलावा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी ट्वीट कर दुख जताया। उन्होंने लिखा, “पूर्व वित्त मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता अरुण जेटली का असमय निधन देश के लिए बड़ी क्षति है। एक बेहतरीन वकील और अपने सुशासन के लिए जाने जाने वाले वरिष्ठ राजनेता को देश याद करेगा। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं।”

गृहमंत्री अमित शाह:

वहीं गृहमंत्री और पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि मैं अरुण जेटली के निधन से काफी आहत हूं। यह व्यक्तिगत क्षति की तरह है। मैंने सिर्फ पार्टी के वरिष्ठ नेता को ही नहीं बल्कि परिवार के एक सदस्य को भी खो दिया है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह:

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी अरुण जेटली के निधन पर दुख जताते हुए ट्वीट कर कहा कि मेरे दोस्त और सहयोगी अरुण जेटली के निधन से गहरा दुख पहुंचा है। वे पेशे से एक कुशल वकील और जुनून से कुशल राजनीतिज्ञ थे।

अखिलेश यादव:

वहीं अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा कि अरुण जेटली जी एक कुशल वक्‍ता, सफल अधिवक्ता और सौम्य राजनीतिज्ञ के रूप में सदैव स्मरणीय रहेंगे। विनम्र श्रद्धांजलि! ईश्‍वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे। शोकाकुल परिजनों के प्रति हार्दिक संवेदना।

बसपा सुप्रीमो मायावती:

जबकि मायावती ने ट्वीट कर कहा कि पूर्व केंद्रीय वित्त/रक्षा मंत्री व बीजेपी के प्रमुख नेता अरुण जेटली के निधन की खबर अति-दुःखद। वे बीमार थे व उनका हालचाल लेने हाल ही में मैं एम्स गयी थी। वे नामी वकील व अच्छे इंसान थे। देश की राजनीति में उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकेगा। उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना।

यह भी पढ़ें- लेखक व बॉलीवुड के मशहूर एक्टर गिरीश कर्नाड का निधन, सलमान के साथ “टाइगर जिंदा है” में आखिरी बार आए थे बड़े पर्दे पर नजर