जनसभा में बोले अखिलेश, भाजपा को हराने के लिए समाजवादियों ने लिया अन्‍न संकल्‍प, गर्मी निकालने वाले की निकली भाप

अन्‍न संकल्‍प
जनसभा को संबोधित करते अखिलेश यादव।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। उत्‍तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने वाली है। भाजपा ने किसानों, नौजवानों के सामने संकट पैदा किया है। समाजवादियों ने भाजपा को हराने और हटाने के लिए अन्न संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि इस बार हर वर्ग समाजवादी पार्टी के साथ है और भाजपा का सफाया कर रहा है।

उक्‍त बातें सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने बुधवार को कानपुर में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए कही। अखिलेश ने कहा कि जनता के प्रबल समर्थन से मतदान के पहले चरण से ही भाजपा का सफाया हो गया है। दूसरे चरण में भी वह हार रही है। बुन्देलखण्ड का जनसमर्थन देखने के बाद तो भाजपा के नेता सन्न रह गए है। अब आगे वे शून्य हो जाएंगे। जनता इनको माफ करने वाली नहीं है।

अखिलेश-जयंत की जोड़ी पर निशाना साध जनसभा में बोले सीएम योगी, “माल वहीं सड़ा-गला, पूरी गर्मी कर दूंगा शांत”

वहीं अशीष मिश्रा की जमानत पर सवाल उठाते हुए यूपी के पूर्व सीएम ने कहा कि लखीमपुर खीरी में किसानों को कुचलकर मारने वालों को जमानत भले मिल गई है, लेकिन कोर्ट में मजबूत पैरवी कर उन्हें और साथ में उनके पालने-पोसने वालों को भी जेल भेजेंगे। भाजपा सरकार ने तीन काले कानून लाकर किसानों की फसल और खेती छीनने की साजिश रची। हमारे किसानों ने एकजुटता और आंदोलन की ताकत से भाजपा सरकार को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया। सीएम योगी पर निशाना साधते हुए सपा अध्‍यक्ष ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसानों ने विधानसभा चुनाव को अपने सम्मान का चुनाव समझते हुए भाजपा का सफाया कर दिया है। जो गर्मी निकालने की बात करते थे उनकी भाप निकल गई है।

यह भी पढ़ें- प्रियंका की जनता से अपील, “गर्मी-चर्बी नहीं, भर्ती निकालने वालों को दीजिए मौका”

बेरोजगारी के मुद्दे पर जनता को संबोधित करते हुए अखिलेश ने कहा कि यूपी  के सरकारी विभागों में बहुत पद खाली हैं। सपा सरकार आने पर हम 11 लाख पदों पर नौजवानों की भर्ती के लिए नौकरी निकालेंगे। 22 लाख नौकरी आईटी क्षेत्र में पैदा करेंगे। कानून-व्यवस्था मजबूत करेंगे। डायल 100 में गाड़ियों की संख्या बढ़ाएंगे। कानून तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई करेंगे। समाजवादी लोग गरीबों किसानों, नौजवानों को न्याय दिलाएंगे।