जनसभा में बोले अखिलेश, जनता को धोखा देना ही भाजपा का काम, राजनीति के लिए कर रही धर्म का इस्‍तेमाल

भाजपा का काम
जनसभा को संबोधित करते अखिलेश यादव।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। एक ओर आज अयोध्‍या में राम मंदिर को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम चल रहा था तो दूसरी ओर यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने बीजेपी पर राजनीति के लिए धर्म का इस्‍तेमाल करने का आरोप लगाया है। सपा सुप्रीमो ने एटा में शहीद मेजर के.पी. सिंह यादव की प्रतिमा का अनावरण करते हुए एक जनसभा में कहा कि भाजपा का काम ही है जनता को धोखा देना है। बीजेपी धर्म का इस्तेमाल राजनीति के लिए कर रही है।

अखिलेश ने दावा किया कि भाजपा सरकार में लोगों में गैरबराबरी बढ़ी है। इसी गैरबराबरी को खत्म करने के लिए समाजवादी पार्टी ने पीडीए का नारा दिया है। देश में महंगाई, बेरोजगारी चरम पर है। लोग परेशान हैं।

यह भी पढ़ें- अयोध्या में बोले PM मोदी, विकास और विरासत की साझा ताकत भारत को ले जाएगी आगे

योगी सरकार को निशाने पर लेते हुए पूर्व सीएम ने कहा कि अस्पतालों में गरीब को इलाज नहीं मिल रहा। भाजपा सरकार ने अपने सात साल के कार्यकाल में एक भी जिला स्तर का अस्पताल नहीं बनाया, जहां गरीबों का इलाज हो सके। इस सरकार ने 108 और 102 एम्बुलेंस सेवा को भी बर्बाद कर दिया।

विपक्षी नेताओं को झूठे मुकदमें में फंसा करती है परेशान

हमला जारी रखते हुए अखिलेश ने कहा कि उत्‍तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था जीरो है। भाजपा सरकार विपक्ष के नेताओं को झूठे मुकदमों में फंसा कर परेशान और बदनाम करती है। जनता विपक्षी गठबंधन इंडिया के पक्ष में मतदान कर भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखायेगी।

सरकार फिर आयी तो छीन लेंगे वोट का अधिकार

आज अखिलेश ने यह भी कहा कि 2024 का लोकसभा चुनाव लोकतंत्र और संविधान बचाने का चुनाव है। भाजपा सरकार जनता के सवालों से बचने के लिए सांसदों को निलंबित कर दिया। जनता को सावधान रहना होगा। अगर ये फिर सरकार में आये तो जनता के वोट का अधिकार छीन लेंगे। लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन भाजपा को यूपी में सभी 80 सीटों पर हरायेगा। भाजपा हारेगी तभी लोकतंत्र और संविधान बचेगा।

नौकरी-रोजगार नहीं मांगे इसलिए कर रही गुमराह

अखिलेश ने कहा कि महंगाई चरम पर है। लोगों के पास नौकरी, रोजगार नहीं है। जनता नौकरी-रोजगार नहीं मांगे, इसलिए भाजपा जनता को गुमराह करने में लगी है। इस सरकार में किसान, नौजवान, महिलाएं सभी परेशान है। किसान की आय दोगुनी नहीं हुई। आलू, किसान, गन्ना किसान, धान किसानों को फसल का लागत मूल्य नहीं मिला। उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा सरकार की सच्चाई जान चुकी है। इस बार उत्तर प्रदेश भाजपा को सत्ता से बाहर करेगा।

यह भी पढ़ें- सीएम योगी ने कहा, अयोध्या को दुनिया की सुंदरतम नगरी के रूप में स्थापित करना था प्रधानमंत्री का सपना