अयोध्या में बोले PM मोदी, विकास और विरासत की साझा ताकत भारत को ले जाएगी आगे

भारत को आगे
जनसभा को संबोधित करते नरेंद्र मोदी।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ/अयोध्या। आने वाले दिनों में अयोध्या में विकास की भव्यता दिखेगी। आज पूरी दुनिया उत्सुकता के साथ 22 जनवरी के ऐतिहासिक क्षण का इंतजार कर रही है। ऐसे में अयोध्यावासियों में ये उत्साह और उमंग स्वाभाविक है। भारत की मिट्टी के कण-कण और भारत के जन-जन का मैं पुजारी हूं और मैं भी आपकी तरह उतना ही उत्सुक हूं।

उक्त बातें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अयोध्या में जनसभा को संबोधित कर कही। मोदी ने कहा देश के इतिहास में 30 दिसंबर की तारीख बहुत ऐतिहासिक रही है। 1943 में आज के ही दिन नेताजी सुभाषचंद्र बोस ने अंडमान में झंडा फहरा कर भारत की आजादी का जयघोष किया था। उन्होंने कहा कि आजदी के आंदोलन से जुड़े ऐसे पावन दिवस पर आज हम आजादी के अमृतकाल के संकल्प को आगे बढ़ा रहे हैं। आज विकसित भारत के निर्माण को गति देने के अभियान को अयोध्या नगरी से नई ऊर्जा मिल रही है।

देश के नक्शे पर फिर से गौरव के साथ स्थापित

पीएम ने आगे कहा आज यहां 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है। इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े ये काम आधुनिक अयोध्या को देश के नक्शे पर फिर से गौरव के साथ स्थापित करेंगे। दुनिया में कोई भी देश हो, अगर उसे विकास की नई ऊंचाई पर पहुंचना है, तो उसे अपनी विरासत को संभालना ही होगा। हमारी विरासत हमें प्रेरणा देती है, हमें सही मार्ग दिखाती है। इसलिए आज का भारत, पुरातन और नूतन दोनों को आत्मसात करते हुए आगे बढ़ रहा है।

यह भी पढ़ें- काशी में स्वर्वेद मंदिर का उद्घाटन कर बोले PM मोदी, विरासत-विकास की पटरी पर तेज गति से बढ़ रहा भारत
रामलला को ही नहीं, चार करोड़ गरीबों को भी मिला पक्‍का घर

राम मंदिर के मुद्दे पर नरेंद्र मोदी ने कहा एक समय था, जब यहीं अयोध्या में रामलला टेंट में विराजमान थे। आज पक्का घर सिर्फ रामलला को ही नहीं, बल्कि पक्का घर देश के चार करोड़ गरीबों को भी मिला है। आज का भारत अपने तीर्थों को भी संवार रहा है, वहीं डिजिटल टेक्नोलॉजी की दुनिया में भी छाया हुआ है। उन्होंने कहा कि आज देश में सिर्फ केदार धाम का पुनरुद्धार ही नहीं हुआ है, बल्कि 315 से ज्यादा नए मेडिकल कॉलेज भी बने हैं। आज देश में महाकाल महालोक का निर्माण ही नहीं हुआ है, बल्कि हर घर जल पहुंचाने के लिए पानी की दो लाख से ज्यादा टंकियां भी बनवाई गई हैं।

यह भी पढ़ें- क्रिसमस पर बोले PM मोदी, ईसाई समुदाय से रहा है मेरा बहुत पुराना नाता

गौरतलब है कि 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले आज प्रधानमंत्री ने रामनगरी में रेलवे स्टेशन, हवाई अड्डा, दो अमृत भारत एक्सप्रेस और छह वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत की। इस दौरान प्रधानमंत्री का एक लंबा रोड शो भी हुआ।

यह भी पढ़ें- सीएम योगी ने कहा, अयोध्या को दुनिया की सुंदरतम नगरी के रूप में स्थापित करना था प्रधानमंत्री का सपना