दर्दनाक: पति-पत्‍नी ने शारदा नहर में कूदकर दी जान, छह महीना पहले हुई थी लव मैरिज

लव मैरिज सुसाइड
खुशबू व गोविंद। (फाइल फोटो)

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। मानकनगर कोतवाली अंतर्गत शारदा नहर में शनिवार को शादीशुदा जोड़े ने छलांग लगा दी। जिसे देख आस-पास मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से करीब दो घंटे बाद पति-पत्‍नी को बाहर निकाल अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। युवक व युवती ने करीब छह महीना पहले लव मैरिज की थी। घटना के पीछे घरलू कलह की बात सामने आयी है। पुलिस ने शवों को पोस्‍टमॉर्टम के लिए भेजने के साथ ही अपनी जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के मुताबिक शारदा नहर के पास युवक और युवती आकर रुके और पहले युवती फिर उसके पीछे युवक ने भी नहर में छलांग लगा दी। पानी में कूदने की आवाज सुन आस-पास मौजूद लोगों ने नहर के पास आकर देखा, लेकिन नहर गहरी होने के चलते कुछ नहीं दिखाई दिया, जिसके बाद राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने गोताखोरों के माध्यम से दोनो को बाहर निकलवाकर ट्रॉमा सेंटर भिजवाया। जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया।

एसीपी काकोरी शकील अहमद के मुताबिक, थाना मानक नगर अंतर्गत नहर में एक लड़के और एक लड़की के कूदने की सूचना डायल 112 पर मिली थी। मौके पर जाकर देखने पर एक लड़का और लड़की के पैर के चप्पल और जूते और एक जैकेट पड़ी मिली। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक लड़का और एक लड़की नहर में कूद गए थे, जिन्हें स्थानीय लोगों द्वारा बचाने का प्रयास किया। युवक कनौसी गांव का रहने वाला है। दोनों ने इसी साल कोर्ट मैरिज की थी। नहर में छलांग लगाए जाने की वजह को लेकर पुलिस जांच पड़ताल कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

यह भी पढ़ें- गोमती नदी में बोरी में मिली लाश, शिनाख्त के लिए पुलिस ले रही सोशल मीडिया का सहारा

वहीं कृष्णा नगर अंतर्गत रहने वाले बेचालाल ने बताया कि ‘नहर में कूदने वाला युवक गोविंद (30) है तथा लड़की का नाम खुशबू (34) हैं। दोनों ने इसी साल जून में परिवारवालों के खिलाफ जाकर कोर्ट मैरिज किया था और शादी बाद से दोनों अलग रह रहे थे।’ गोविंद के परिजनों का कहना था कि पति-पत्‍नी में शुक्रवार रात व आज सुबह किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। इसके बाद खुशबू और उसके पीछे गोविंद घर के बाहर निकला था। इसके बाद दोनों के मौत की खबर सामने आई है।

यह भी पढ़ें- फोन पर बात करते-करते युवती ने गोमती नदी में कूदकर दी जान