2022 में किसानों की इनकम दुगनी करने की बात पर अखिलेश ने कहा जनता 2019 में ही कर देगी मोदी सरकार का हिसाब

अनुपूरक बजट

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने मोदी और योगी सरकार को विकास विरोधी बताया है। गुरुवार को अपने एक बयान में अखिलेश ने कहा कि भाजपा राज में विकास में सर्वाधिक अवरोध पैदा हुआ है। केंद्र हो या राज्य सरकार दोनो ही जनहित की एक भी योजना लागू नहीं कर सकी हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर भाजपा के तमाम दिग्‍गजों के 2022 में किसानों की आय दुगनी करने करने वाले बयान पर अखिलेश यादव ने जवाब देते हुए कहा भाजपा की सरकारों ने देश में चारों ओर अपने काम से निराशा ही फैलायी है।

यह भी पढ़ें- 2022 तक हर बेघर को मिलेगा घर, किसानों की आय होगी दुगनी: मोदी

उन्‍होंने आगे कहा कि निर्दोषों का इनकाउटंर हो रहा है। अल्पसंख्यक दहशत में हैं बेकारी से परेशान नौजवानों की जिंदगी अवसादग्रस्त होती जा रही है। किसान आत्महत्या कर रहे है। इसके बाद भी अब दिलासा दिया जा रहा है कि किसानों की आमदनी साल 2022 तक दुगुनी कर देगें, लेकिन जनता अब मोदी सरकार के बहकावे में नहीं आने वाली है वह तो 2019 (अगामी लोकसभा) में ही भाजपा का हिसाब बराबर करने को तैयार बैठी है।

भाजपा सरकार के कामों पर सवाल उठाते हुए पूर्व मुख्‍यमंत्री ने कहा कि योजना के नाम पर सिर्फ बयान, उद्घाटन और विज्ञापनों के ही दर्शन हुए हैं। अब तक भाजपा सरकारों ने सिर्फ एक ही काम किया है कि समाजवादी सरकार के समय की गरीबों, किसानों, महिलाओ, नौजवानों, छात्राओं को लाभ देने वाली योजनाएं या तो बंद कर दी हैं या फिर उनका बजट रोक दिया है।

यह भी पढ़ें- अखिलेश ने किया ऐलान, कन्नौज से खुद तो मैनपुरी से मुलायम सिंह लड़ेगे 2019 का लोकसभा चुनाव

इस दौरान सपा अध्‍यक्ष ने पीएम के बयान पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री अक्सर कहते हैं कि गति से प्रगति है, लेकिन जिस भाजपा सरकार की कोई गति ही नही है उससे प्रगति की आशा कैसे की जा सकती है? विकास गति का दूसरा नाम है, लेकिन भाजपा ने तो विकास के हर काम को रोक दिया है।