राज्‍यपाल, मुख्‍यमंत्री, प्रियंका व अखिलेश समेत इन दिग्‍गजों ने जनता को दी नए साल की बधाई

नए साल की बधाई

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। नए साल के अवसर पर बुधवार को यूपी की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और विधानसभा अध्यक्ष हृदयनारायण दीक्षित व सपा अध्‍यक्ष अखिलेश यादव, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के साथ ही तमाम दिग्‍गज नेताओं ने जनता को नववर्ष की शुभकांमनाएं दी है।

इस अवसर पर राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने प्रदेशवासियों को शुभकामना देते हुए कहा कि वर्ष 2020 सभी के लिए सुख, समृद्धि और शांति से परिपूर्ण हो। साथ ही नव वर्ष के मौके पर बुधवार को सुबह 11 बजे से 12 बजे तक राज्‍यपाल ने लोगों से मुलाकात की।

वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश को समृद्धि एवं विकास के रास्ते पर ले जाने के सरकार के प्रयासों को नए वर्ष में और गति मिलेगी। सरकार विभिन्न क्षेत्रों में नई जनकल्याणकारी योजनाओं के जरिए समस्याओं के निस्तारण की व्यवस्था को और प्रभावी बनाएगी। उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख समृद्धि के लिए मंगलकामनाएं की।

यह भी पढ़ें- राष्‍ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने जनता को दीं नव वर्ष की शुभकामनाएं

वहीं अखिलेश यादव ने कहा कि देश की एकता, तरक्‍की और भाईचारे की शुभकामनाओं के साथ सभी अमन-चैन पसंद प्रदेश-देश-विदेशवासियों को नये साल की हार्दिक बधाई। नया साल भारत के सामाजिक-राजनीतिक इतिहास में बंधुत्व का नया युग बनकर आएगा। साथ ही वर्ष 2020 में अन्याय और अहंकार पर अंकुश लगने की उम्मीद के साथ सामाजिक सद्भाव व सौहार्द बढ़ाने की मंगलकामना की।

इसके अलावा कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने नव वर्ष पर लोगों को मुबारकबाद दी है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि नववर्ष प्रदेशवासियों के जीवन में अपार खुशियां लाए और प्रदेश चहुंमुखी विकास की अग्रसर करने वाला सिद्ध हो।

विधानसभा अध्यक्ष हृदयनारायण दीक्षित ने कामना की कि नव वर्ष प्रदेश की 22 करोड़ जनता के लिए सुख समृद्धि दायक व मंगलकारी सिद्ध हो। साथ ही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह और महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने प्रदेश की जनता और कार्यकर्ताओं को शुभकामना देते हुए कहा कि 2019 ऐतिहासिक फैसलों भरा रहा वहीं वर्ष 2020 प्रगति व सर्वागीण विकास का होगा।

उप मुख्यमंत्री केशवप्रसाद मौर्य ने वर्ष 2020 में आपसी सद्भाव व भाईचारा की भावना को बलवती बनाने पर बल दिया।

यह भी पढ़ें- देश के 47वें CJI बने जस्टिस एसए बोबड़े, राष्ट्रपति ने दिलाई शपथ, जानें इनसे जुड़ी खास बातें