आतंकी कहने पर केजरीवाल की बेटी का सवाल, बच्चों को शिक्षा, लोगों को स्‍वास्‍थ्‍य सुविधा, बिजली-पानी देना है आतंकवाद?

केजरीवाल की बेटी
मीडिया से बात करतीं हर्षिता केजरीवाल।

आरयू वेब टीम। दिल्ली विधानसभा चुनाव का दिन नजदीक आ रहा है वैसे-वैसे आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज होता जा रहा है। इस दौरान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को आतंकी बताए जाने के खिलाफ अब उनकी बेटी हर्षिता ने सवाल किया है। हर्षिता ने केजरीवाल सरकार द्वारा नि:शुल्क शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधा के बारे में बोलते हुए कहा कि क्या स्वास्थ्य सुविधाओं को मुफ्त करना आतंकवाद है?

मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री की बेटी हर्षिता केजरीवाल ने कहा कि “राजनीति गंदी है, लेकिन यह गंदी राजनीति का नया स्तर है।” उन्होंने भाजपा से सवाल करते हुए कहा, ” स्वास्थ्य सुविधाओं को लोगों के लिए मुफ्त करना क्या आतंकवाद है? बच्चों को शिक्षित बनाना क्या आतंकवाद है? बिजली और पानी की सुविधा में सुधार करना क्या आतंकवाद है?”

साथ ही हर्षिता ने कहा,  “मेरे पिता हमेशा सामाजिक सेवाओं में रहे हैं। मुझे अभी भी याद है कि वह हमें सुबह छह बजे जगाते थे और मेरे भाई, मां और दादा-दादी को भगवद् गीता के बारे में बताते थे। इंसान से इंसान का हो भाईचारा गीत गाते थे।”

यह भी पढ़ें- छह घंटें के इंतजार के बाद दिल्ली के CM केजरीवाल ने दाखिल किया नामांकन, AAP ने जतायी नाराजगी

हर्षिता ने आगे कहा कि उन्हें आरोप लगाने दें…उन्हें 200 सांसद और 11 मुख्यमंत्री लाने दें। केवल हम ही नहीं, बल्कि दो करोड़ आम लोग भी चुनाव प्रचार कर रहे हैं। वे उन्हें 11 फरवरी को दिखा देंगे कि वे आरोपों के आधार पर वोट डालते हैं या काम के आधार पर।

उल्‍लेखनीय है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 के लिए बिगुल बज गया है। दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) के साथ ही भाजपा और कांग्रेस भी सत्ता प्राप्ति के लिए संघर्ष कर रही हैं। दिल्ली विधानसभा की सभी 70 सीटों के लिए आठ फरवरी को वोट डाले जाएंगे और मतगणना 11 फरवरी को होगी।

यह भी पढ़ें- AAP ने जारी किया घोषणापत्र, स्‍कूलों में देशभक्‍ति का पाठ पढ़ानें, जनलोकपाल के साथ ही किये ये वादे