आरयू ब्यूरो, लखनऊ। बंथरा थाना क्षेत्र के अंबेडकरनगर में रविवार को खाना बनाते समय जोरदार धमाके के साथ सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। सिलेंडर फटने से घर भर-भराकर गिर गया। जिसमें इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि गनीमत यह रही कि हादसे में एक मां सूझबूझ से अपनी व तीन बच्चों की जान बचाने में कामयाब रही। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई।
मिली जानकारी के मुताबिक अंबेडकरनगर में मजदूर अजय परिवार के साथ रहते है। आज अजय काम से बाहर चले गए। पत्नी छोटे सिलेंडर पर घर में खाना बना रही थीं। तीनों बच्चे आंगन में खेल रहे थे। इस बीच सिलेंडर में आग लग गई। आग देख पहले तो महिला ने उसे बुझाने का प्रयास किया। लपट तेज होती देख मां तेजी दिखाते हुए बच्चों को लेकर शोर मचाते हुए बाहर भागी। वह घर के बाहर आई ही थी तभी सिलिंडर फट गया।
यह भी पढ़ें- चौक में खाना बनाते समय सिलेंडर ब्लास्ट से ढहा मकान, परिवार के चार सदस्य घायल
धमाके की धमक से दीवार और छत भरभरा कर ढह गई। तेज आवाज सुन पड़ोसी भागकर बाहर आए तो मकान ढहा देख पड़ोसियों में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि हादसे में परिवार बच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के मुताबिक घर काफी पुराना था।