चौक में खाना बनाते समय सिलेंडर ब्लास्ट से ढहा मकान, परिवार के चार सदस्य घायल

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। राजधानी लखनऊ में रविवार को बड़ा हादसा हो गया है। चौक थाना क्षेत्र में खाना बनाते समय अचानक गैस सिलेंडर फट गया जिसकी वजह से दो मंजिला बनी इमारत भरभरा कर गिर गयी। सिलेंडर ब्लास्ट की घटना से पूरे इलाके में दहशत फैली हुई हैं। हादसे में चार लोग दब गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस व राहत बचाव टीम ने रेस्कयू कर चार घायलों को इलाज के लिए ट्रामा सेंटर भेजा।

स्थानीय लोगों ने बताया कि पिंकी पत्नी सुरेश कश्यप खाना बना रही थी। तभी गैस सिलेंडर की पाइप ढ़ीली होने के कारण सिलेंडर में आग लग गई और जिसकी वजह से सिलेंडर फट गया। सिलेंडर फटने का धमाका इतना तेज था की दो मंजिला इमारत धड़ाम से गिर गई ,जिसमें चार लोग घायल हुए।

फायर अधिकारी ने मीडिया को बताया लखनऊ के चौक क्षेत्र में गाजी मंडी बजाजा से लगभग 11:55 पर चौक फायर स्टेशन पर सूचना प्राप्त हुई कि थाना चौक के अंतर्गत शिया पीजी कॉलेज के पास एक गली में मकान गिर गया है। जिसके बाद चौक फायर स्टेशन से 5330 और 3369 दो गाड़ियां घटनास्थल के लिए भेजी गई। घटनास्थल पर पहुंच कर देखा गया की गुलाब कश्यप का मकान सिलेंडर फटने के कारण गिर गया है, जिसमें चार लोग घायल हुए जिन्हें स्थानी पुलिस की सहायता से उचित इलाज के लिए ट्रामा सेंटर भिजवा दिया गया।

यह भी पढ़ें- खाना बनाते समय गर्ल्स हॉस्टल में सिलेंडर ब्लास्ट से हड़कंप, दरवाजा-खिड़की उखड़ी

घायलों में राजकुमार कश्यप पुत्र रामलाल कश्यप उम्र लगभग 52 वर्ष, पिंकी पत्नी सुरेश कश्यप उम्र लगभग 38 वर्ष, विदिशा पुत्री सुभाष कश्यप उम्र लगभग एक साल और
जगदीश पुत्र शालिग्राम कश्यप उम्र लगभग 70 साल शामिल हैं।

यह भी पढ़ें- गोसाईंगंज में खाना बनाते समय सिलेंडर ब्लास्ट, बाल-बाल बची महिला